
तराना में विहिप नेता पर जानलेवा हमला, उज्जैन पुलिस अगर समय पर निर्णय लेती तो नहीं होती स्थिति बेकाबू
भोपाल, यश भारत। उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के बाद हालात बेकाबू होते चले गए। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को समय रहते नहीं समझा और न ही त्वरित निर्णय ले पाए, जिसके चलते तनाव की स्थिति और अधिक गहराती चली गई। लोगों का आरोप है कि यदि उज्जैन पुलिस समय रहते सख्त और स्पष्ट कार्रवाई करती, तो हालात इतने बिगड़ते नहीं।

गुरुवार रात राम मंदिर के पास सुखला गली में हुए इस हमले में सोहेल ठाकुर पर पीछे से लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उन्हें सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। आक्रोशित विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए प्रदर्शन किया। संगठनों ने आरोपियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने और मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा 307 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर 5 आरोपियों—ईशान मिर्जा, सप्पान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा और रिजवान मिर्जा—को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी नावेद अब भी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तराना में धारा 144 लागू कर दी है। शुक्रवार को विरोध स्वरूप बाजार बंद रहे और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।







