कटनीमध्य प्रदेश

मंदिर में चोरों का धावा, ताला तोड़कर जेवर व नकदी ले उड़े चोर, मोके पर पहुंची पुलिस

कटनी/शाहनगर, यशभारत।
रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ताखौरी के पास स्थित चमरैया हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जनवरी की सुबह लगभग 7 बजे, मंदिर के पुजारी जब नियमित पूजा-पाठ के लिए पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर का मुख्य ताला टूटा हुआ पाया। मंदिर के अंदर जांच करने पर चांदी के आभूषण एवं नकदी गायब मिली। पुलिस के अनुसार, चोर मंदिर से लगभग 74 ग्राम चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये, तथा 300 से 400 रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी स्मिता बघेल मौके पर पहुंचीं और निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद 21 जनवरी को अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है और संभावित संदिग्धों की तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि यह मंदिर रैपुरा–पन्ना मुख्य मार्ग पर तहसील मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में स्थित है। मंदिर में चोरी की यह पहली घटना बताई जा रही है। स्मिता बघेल, थाना प्रभारी रैपुरा ने बताया कि चमरैया मंदिर के पुजारी द्वारा चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई है। अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button