दहेज की वेदी पर चढ़ी एक और विवाहिता; 2 महीने की गर्भवती ने फांसी लगाकर दी जान

दहेज की वेदी पर चढ़ी एक और विवाहिता; 2 महीने की गर्भवती ने फांसी लगाकर दी जान
न्यू कबाड़खाना इलाके की घटना: सुसाइड से पहले मां को फोन कर कहा- ‘सास दहेज के लिए कोसती है, अब और नहीं सहा जाता
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना अंतर्गत न्यू कबाड़खाना इलाके में 26 वर्षीय एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका पूजा कैथारिया दो महीने की गर्भवती थी और उसका 14 महीने का एक मासूम बच्चा भी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूजा की शादी करीब ढाई साल पहले न्यू कबाड़खाना निवासी युवक से अरेंज मैरिज के रूप में हुई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे दहेज को लेकर ताने दिए जाते थे। पूजा के परिजनों का आरोप है कि उसकी सास अक्सर उसे कम दहेज लाने की बात पर प्रताड़ित करती थी।
आखरी फोन कॉल और दर्दनाक अंत खुदकुशी करने से ठीक पहले पूजा ने अपनी मां को फोन किया था। उसने रोते हुए अपनी मां से कहा, मेरा कोई साथ नहीं दे रहा है। दहेज में कुछ नहीं लाई, इस बात को लेकर सास रोज कोसती है और प्रताड़ित करती है। अब मैं जा रही हूं। इस कॉल के कुछ ही देर बाद पूजा ने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। जब तक परिजन उसे अस्पताल ले जाते, उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। चूंकि शादी को सात साल से कम समय हुआ है, इसलिए नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बयान दर्ज किए जा रहे हैं।







