भोपालमध्य प्रदेश

शेयर ट्रेडिंग में गारंटीड मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, इंदौर से 20 गिरफ्तार

शेयर ट्रेडिंग में गारंटीड मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, इंदौर से 20 गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश स्टेट साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इंदौर के विजय नगर स्थित एक कॉर्पोरेट पार्क में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 10 युवकों और 10 युवतियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फाल्कन ट्रेडर्स नाम की फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर अपना शिकार बनाता था।

भोपाल के युवक से 1.70 लाख की ठगी के बाद खुला राज
कार्रवाई का खुलासा तब हुआ जब भोपाल निवासी सुनील कुमार राजपूत ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के मुताबिक, उन्हें फाल्कन ट्रेडर्स का प्रतिनिधि बनकर कॉल किया गया और एक मोबाइल ऐप के जरिए निवेश करने पर भारी रिटर्न का लालच दिया गया। आरोपियों ने विश्वास जीतने के लिए उन्हें फर्जी यूजर आईडी और पासवर्ड भी दिए। सुनील ने झांसे में आकर विभिन्न किस्तों में कुल 1.70 लाख रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कर दिए। ऐप पर मुनाफा तो बढ़ता दिखा, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो कंपनी के सभी नंबर बंद मिले।

हाईटेक कॉल सेंटर पर रेड, भारी मात्रा में सामान जब्त
साइबर पुलिस की टीम ने जब इंदौर के ‘स्काई कॉर्पोरेट पार्क’ स्थित ऑफिस पर दबिश दी, तो वहां हाईटेक सेटअप देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। पुलिस ने मौके से 43 मोबाइल फोन और 16 लैपटॉप 1.33 लाख रुपये नकद व भारी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं।

ऐसे फंसाते थे जाल में
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और कॉल के जरिए लोगों से संपर्क करते थे। वे खुद को अनुभवी ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताते थे। निवेश के लिए वे अपना खुद का तैयार किया हुआ एक फर्जी ऐप डाउनलोड करवाते थे, जिसमें हेरफेर कर मुनाफे के आंकड़े फर्जी तरीके से बढ़ाकर दिखाए जाते थे ताकि निवेशक और ज्यादा पैसा लगाता रहे।

साइबर पुलिस की एडवाइजरी: निवेश से पहले बरतें ये सावधानियां

स्टेट साइबर पुलिस ने आम जनता को सचेत करते हुए कुछ सुझाव जारी किए हैं:

लुभावने वादों से बचें: शेयर बाजार में कोई भी कंपनी ‘गारंटीड मुनाफा’ नहीं दे सकती। ऐसे वादे ठगी का संकेत हैं।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें: वॉट्सऐप या एसएमएस पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक से ऐप डाउनलोड न करें।
SEBI रजिस्ट्रेशन जांचें: निवेश करने से पहले हमेशा जांच लें कि कंपनी सेबी के पास रजिस्टर्ड है या नहीं।
शिकायत दर्ज करें: ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर लॉग इन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button