भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में संघ प्रमुख मोहन भागवत: युवा संवाद से हुई शुरुआत, बोले- ‘राष्ट्र निर्माण में नवाचार और मूल्यों का संतुलन जरूरी

भोपाल में संघ प्रमुख मोहन भागवत: युवा संवाद से हुई शुरुआत, बोले- ‘राष्ट्र निर्माण में नवाचार और मूल्यों का संतुलन जरूरी

भोपाल, यशभारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के दो दिवसीय भोपाल प्रवास का आज भव्य आगाज हुआ। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रवास के पहले दिन डॉ. भागवत ने युवाओं और शहर के प्रबुद्धजनों के साथ सीधा संवाद किया। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद’ में उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में भारत की वैश्विक भूमिका तय करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

युवा संवाद: 31 जिलों के ‘यंग अचीवर्स’ से चर्चा

शुक्रवार सुबह शुरू हुए पहले सत्र में मध्यभारत प्रांत के सभी 31 जिलों से आए उन युवाओं ने हिस्सा लिया, जिन्होंने शिक्षा, स्टार्टअप, सेवा और नवाचार के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है। डॉ. भागवत ने युवाओं से कहा कि केवल व्यक्तिगत सफलता पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए करना ही वास्तविक राष्ट्र सेवा है। इस दौरान युवाओं ने वर्तमान चुनौतियों और संघ की भविष्य की दृष्टि को लेकर सवाल भी पूछे, जिनका सरसंघचालक ने सहजता से उत्तर दिया।

आज शाम प्रमुखजन गोष्ठी पर नजर

आज शाम 5:30 बजे रवींद्र भवन के हंस ध्वनि सभागार में प्रमुखजन गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें भोपाल के डॉक्टर, इंजीनियर, साहित्यकार और उद्योगपतियों सहित शहर के प्रभावशाली नागरिक शामिल होंगे। इस बैठक में संघ की 100 वर्षों की यात्रा और स्व आधारित भारत की संकल्पना पर विमर्श होगा।

कल के कार्यक्रम: सामाजिक समरसता और मातृशक्ति पर जोर

प्रवास के दूसरे दिन (3 जनवरी) दो बड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। सामाजिक सद्भाव बैठक (सुबह 9:30 बजे): विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी, जिसका उद्देश्य जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
शक्ति संवाद (शाम 5:00 बजे): प्रवास का समापन मातृशक्ति (महिला सम्मेलन) के साथ होगा, जहाँ परिवार प्रबंधन और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता पर चर्चा की जाएगी।

इनका कहना है…
सरसंघचालक के प्रवास को देखते हुए भोपाल पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार और रवींद्र भवन के आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था की गई है।
भोपाल पुलिस आयुक्त – हरिनारायणचारी मिश्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button