कटनीमध्य प्रदेश

खेत में मवेशी चराने से मना करने पर महिला की हत्या, बरही थाना क्षेत्र के ग्राम धवैया में वारदात, अस्पताल में महिला की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धवैया में मारपीट के बाद एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट की यह वारदात 29 दिसम्बर को घटित हुई थी। मारपीट में घायल महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धवैया निवासी भोला प्रसाद कुशवाहा के खेत में गेहूं की फसल लगी हुई थी। विगत 29 दिसंबर को स्थानीय निवासी रज्जन पाठक अपने मवेशी भोला कुशवाहा के खेत में चरा रहा था। खेत में मवेशियों को देखकर जब भोला कुशवाहा की पत्नी कलावती कुशवाहा ने ऐसा करने से उसे रोका तो रज्जन पाठक भडक़ गया और दोनों के बीच बहस होने लगी। बताया जाता है कि इसी दौरान रज्जन पाठक ने कलावती को लाठी, डंडों एवं पत्थर से बेरहमी से पीटा। शोर शराबा और चीख पुकार सुनकर जब आसपास मौजूद ग्रामीण उस तरफ आए, तो रज्जन पाठक वहां से भाग निकला। घटना के बाद परिजनों ने घटना की जानकारी बरही पुलिस को देते हुए कलावती को इलाज के लिए बरही सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाद में शासकीय जिला अस्पताल कटनी रिफर कर दिया गया। 1 जनवरी को इलाज के दौरान कलावती की शासकीय जिला अस्पताल कटनी में मौत हो गई। बरही पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 759/25 कायम कर विवेचना में लिया एवं मामले के आरोपी रज्जन पाठक निवासी धवैया को पकडक़र हिरासत में लिया है। मामले में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया जाकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कलावती के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस ने समय रहते उचित कार्यवाही नहीं की। यही वजह है कि कलावती की मौत के कारण लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इनका कहना है
बरही थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने बताया कि महिला अपने पति के साथ थाने आई थी। महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। महिला को बेहतर इलाज दिलाने के लिए डॉक्टर से बात की थी। इस मामले में आरोपी रज्जन पाठक को बीती रात गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button