मध्य प्रदेशराज्य
2 जून की रोटी को भी तरस रहे बच्चे : 15 दिनों से स्कूली बच्चों को नहीं मिला मध्यान्ह भोजन : समूह संचालक को 6 माह से नहीं मिली राशि

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मालथौन ब्लॉक के संकुल केंद्र रजवांस माध्यमिक शाला ललोई में करीब 15 दिनों से बच्चों को मध्याह्न भोजन कार्यक्रम में भोजन का निवाला तक नहीं मिल रहा हैं, लेकिन अभी तक इस ओर जबाबदार प्रशासन के अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।

इस संबंध में यश भारत के संभागीय ब्यूरो द्वारा तहकीकात करने पर पता चला है कि मध्याह्न भोजन बनाने वाले नर्मदा स्व-सहायता समूह द्वारा 6 माह से राशि नहीं मिलने से बच्चों को भोजन परोसना बंद कर दिया। राशि का भुगतान नहीं होने से समूह संचालक की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा गई। जिससे उन्हें भोजन बनाने में भी परेशानी आ रही है। जिसमें यह बड़ा सवाल है उठता कि निरीक्षण करने वाले क्या देख रहे हैं।
शासकीय माध्यमिक शाला में कक्षा 6 से 8 वीं तक 126 बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था ठप होने से उन पर असर पड़ रहा हैं। इसके लिए महिला स्व-सहायता समूह नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें हर माह राशि दी जाती है, लेकिन पिछले 6 माह से इन्हें राशि नहीं मिल पाई है। राशि न आने पर समूह को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है।
समूह संचालक ने बताया कि राशि न आने से रसोईयों को उनकी मजदूरी नहीं मिल पा रही है, और सामग्री भी स्वयं ही खरीदनी पड़ रही है। पिछले 6 माह से यह स्थिति बनी हुई है। राशि की समस्या से संबंधित शिकायत कई बार बीआरसी महोदय से एवं 181 पर कर चुके हैं। वही हम 6 माह से अपनी स्वयं कि राशि से समूह चला रहें थे।
*मध्यान्ह भोजन योजना क्यों है जरूरी-*
दरअसल मध्यान्ह भोजन योजना को इसलिए लागू किया गया है ताकि स्कूल आने वाले बच्चे भूखे न रहें क्योंकि बच्चे भूखे रहेंगे तो पढ़ाई में उनका मन नहीं लगेगा, चित भी एकाग्र नहीं रहेगा। कुपोषित होने का भी खतरा बना रहेगा। मध्यान्ह भोजन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक स्वास्थ्य के जरिए सामाजिक समरसता को बल देना है। यहां आत्मानंद स्कूल में तो शासन के आदेश के बाद भी अधिकारी की मनमानी ने प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला के बच्चों को दोपहर के भोजन से वंचित कर रखा है।
इनका कहना हैं …
समूह संचालक के लिए 6 माह से कोई भी राशि प्राप्त नहीं हुई है, 15 दिन से 126 बच्चे मध्यान भोजन से वंचित है।
रामरतन साहू प्राचार्य ललोई
बच्चों को 15 दिन से भोजन बंद हैं, जानकारी में नहीं है, जन शिक्षक को भेजकर निरीक्षण करबा लेते है।
नरेश राय प्रभारी बीआरसी एवं एमडीएम प्रभारी मालथौन







