
माइनिंग कारोबार पर आयकर विभाग का शिकंजा
जबलपुर-कटनी-सतना में एक साथ छापेमारी
जबलपुर/कटनी, यशभारत। माइनिंग कारोबार से जुड़े मामलों में आय से अधिक संपत्ति और टैक्स चोरी के संदेह को लेकर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। भोपाल और जबलपुर से आई आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार तड़के जबलपुर में माइनिंग कारोबार से जुड़े प्रमुख कारोबारियों के यहां सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जबलपुर में माइनिंग कारोबारी नितिन शर्मा के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही सिविल लाइन क्षेत्र में खनन कारोबारी राजीव चड्ढा के निवास और उनसे जुड़े परिसरों पर भी सर्च की कार्रवाई जारी है। जबलपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर आयकर विभाग द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसी क्रम में कटनी शहर के जालपा वार्ड स्थित विश्वकर्मा माइनिंग कंपनी के कार्यालय, संचालक के निवास सहित अन्य संबंधित ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई। सुबह करीब 6 बजे करीब तीन दर्जन लग्जरी वाहनों में पहुंचे आयकर अधिकारियों ने संबंधित कारोबारियों के घरों और दफ्तरों के दरवाजे खुलवाकर दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच शुरू की।
अचानक हुई इस कार्रवाई से जबलपुर और कटनी दोनों शहरों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग को जबलपुर, कटनी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय कई खनिज कारोबारियों के संबंध में वित्तीय अनियमितताओं के इनपुट मिले थे। इसी आधार पर यह समन्वित कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीमें माइनिंग कंपनियों से जुड़ी खदानों तक भी पहुंचीं और वहां रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
इधर कटनी के साथ-साथ सतना में भी संबंधित ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई है। इस छापेमारी में इंदौर, भोपाल और जबलपुर की आयकर टीमों की सहभागिता बताई जा रही है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई जारी होने के कारण जब्ती, पूछताछ और बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना शेष है। आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर जबलपुर से लेकर कटनी तक दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।







