भोपाल

भोपाल में ठंड का असर कायम, रातें सर्द, दिन में भी कंपकंपी 

भोपाल में ठंड का असर कायम, रातें सर्द, दिन में भी कंपकंपी
यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल में इस बार सर्दी ने अपने तेवर तीखे कर लिए हैं। बीते दिनों लगातार छह दिन तक चली शीतलहर के बाद भले ही मौसम विभाग ने अलर्ट हटा लिया हो, लेकिन ठंड से लोगों को अब भी राहत नहीं मिली है। शहर में तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है और सुबह-शाम की ठिठुरन ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
शीतलहर से कुछ राहत मिलने के संकेत जरूर दिखे, लेकिन शनिवार को दिनभर ठंडक का अहसास बना रहा। सुबह से ही सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे लोग घरों से निकलते समय गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। दिन में धूप तो खिली, लेकिन उसमें गर्माहट कम रही। जैसे-जैसे शाम ढली, ठंड का असर और तेज हो गया और खुले स्थानों पर रुकना मुश्किल हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार-शुक्रवार की रात भोपाल का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है। लगातार गिरते पारे के कारण सुबह के समय शहर के कई इलाकों में हल्का कोहरा भी देखा गया, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी।
ठंड का असर राजधानी की दिनचर्या पर भी साफ नजर आ रहा है। सुबह की सैर करने वालों की संख्या कम हो गई है, वहीं स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं भी पूरी तरह गर्म कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं। बाजारों में अलाव, हीटर और गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव के पास जुटते दिखे।
स्वास्थ्य के लिहाज से भी यह मौसम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। चिकित्सकों का कहना है कि अचानक बढ़ी ठंड से सर्दी-खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं के मरीज बढ़ सकते हैं। उन्होंने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सुबह और देर रात घर से बाहर निकलने से बचने और गर्म तरल पदार्थों के सेवन की भी हिदायत दी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। फिलहाल अगले तीन दिनों तक भोपाल में शीतलहर की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, हालांकि रातें अभी सर्द बनी रहेंगी। ऐसे में राजधानीवासियों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button