जबलपुरमध्य प्रदेश

कृषि उपज मंडी में आज नहीं हुई नीलामी,19 लाख की लूट की घटना से व्यापारियों में आक्रोश

मंडी प्रबंधन,पुलिस और व्यापारियों के बीच बैठक रही बेनतीजा,हड़ताल से किसान हुए परेशान

जबलपुर, यश भारत। कृषि उपज मंडी में अनाज व्यापारी सतीश केसरवानी के कर्मचारी से हुए 19 लाख रुपये की लूट की घटना के बाद व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में व्यापारियों ने अनिश्चितकाल के लिए नीलामी कार्य स्थगित कर रखा था, जिसके कारण आज भी मंडी परिसर में न तो नीलामी हुई और न ही नियमित व्यापारिक गतिविधियाँ चल सकीं। पूरा आंगन खाली नजर आया।

इस बीच आज व्यापारियों ने पुलिस और मंडी प्रबंधन के साथ बैठक की। जिसमे प्रबंधन ने व्यापारियों के मुद्दों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर चर्चा की लेकिन बैठक बेनतीजा रही। नाराज़ व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारिक संगठनों ने लूट की घटना की निंदा करते हुए पुलिस की लापरवाही से घटना होने का आरोप लगाया। संगठनों ने लुटेरों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग पूरी ना होने तक हड़ताल ज़ारी रखने की चेतावनी दी।

इधर पुलिस भी मामले की जांच में तेजी से जुटी है और आरोपियों का सुराग तलाशने के प्रयास जारी हैं। उल्लेखनीय है कि गत दिवस कृषि उपज मंडी गेट के सामने दो बदमाशों ने व्यापारी सतीश केसरवानी के मुनीम विकास साहू पर हमला कर नकदी लूट ली थी। इस घटना ने व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। मंडी की इस घटना का विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा भी विरोध किया जा रहा है और मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई यह घटना प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button