जिलेभर में धूमधाम से मनाई गई भैरव अष्टमी : आदेगांव की प्राचीर गढ़ी में सहित जिलेभर के भैरव बाबा मंदिर में हुआ देर रात तक विशेष पूजन

सिवनी यश भारत:-सिवनी मुख्यालय सहित जिले भर काल भैरव अष्टमी बड़े ही धूमधाम से मनाई गई।सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और विशेष अनुष्ठान होते रहे। वहीं की धर्म नगरी छोटी काशी के नाम से प्रख्यात भगवान श्री कालभैरव की धर्मनगरी आदेगांव में भैरव अष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकाल भैरव का जन्मोत्सव ‘श्रद्धा व धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव का कार्यक्रम मंगलवार रात 11 बजे से आरंभ होकर बुधवार रात 9 बजे संध्याकालीन आरती तक अनवरत चलता रहा। मंगलवार-बुधवार को’ नगर की गढी प्राचीर में मंदिर के अंदर विराजमान भगवान श्री कालभैरव का पूजन-अर्चन व आरती के साथ ही भक्तों ने रात 12 बजे से भगवान श्रीकालभैरव नाथ स्वामी के जन्मोत्सव मनाया। कल देर रात तक पूजन और भंडारा हुआ। जन्मोत्सव पर नगर गढी मंदिर की प्रचीर व मंदिर को लगभग 5 क्विंटल फूलों के विविध रंगों तथा विद्युत साज सज्जा से सुसज्जित किया गया। नगर सहित आसपास के गांव गांव से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभलेकर पुण्य लाभ संचित किया। मंगलवार की रात से गढी किले में ढोल नगाडों बैंड की धुनों से नगर गुंजायमान होने लगा। साथ ही मंदिर परिसर में देर रात तक आतिशबाजी भी होती रही। अलसुबह मंदिर के पुजारियों व भक्तों ने मंदिर मे विराजमान भगवान श्री कालभैरव नाथ स्वामी, श्रीगणेश भगवान श्री बटुकभैरव स्वामी, श्री दूधिया भैरव स्वामी शेषनाग महाराज, मां अन्नपूर्णा देवी व भगवान भोले नाथ जी के संपूर्ण परिवार का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पंचामृत आदि से अभिषेक के बाद आकर्षक श्रृंगार व आरती पूजन का कार्य संपादित किया।
मंदिर समिति ने रात में भगवानश्री को ग्रामवासियों की ओर से खीर का भोग अर्पित किया गया। साथ ही भंडारा, महाप्रसाद भोग का अर्पण कर श्रद्धालुओं में वितरण का कार्य बुधवार सुबह 9 बजे से आरंभ किया गया। इधर मंदिर परिसर से बुधवार को दिन भर शिव अभिषेक तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के ‘मंत्रोपचार गढी प्राचीर से दिन भर नगर में गुंजायमान होते रहे। सुबह 8 बजे से गौधूली बेला में नगर का संपूर्ण बातावरण धर्ममय बना रहा। दोपहर 2 बजे से भगवान श्री भैरव नाथ की नगर में शोभायात्रा निकाली गई। लगातार 3 घंटे तक चली इस शोभायमान यात्रा में भगवान श्रीकालभैरव नाथ स्वामी के प्रकटोत्सव पर्व पर पालकी यात्रा के साथ नगर व कान्हीवाडा से आए विभिन्न अखाडेबाज अपनी विभिन्न अखाडा की विविध कलाओं व करतबों का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
संध्या कालीन महाआरती के बाद विभिन्न झांकियों के मंडल ने देर रात तक इस पावन परिसर में भव्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। संपूर्ण कार्यक्रम में श्रीकाल भैरव समिति, ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों सहित थाना प्रभारी के दिशा-निर्देश में पुलिस बल भी मौजूद रहा। वहीं सिवनी से मंडला रॉड स्थित भैरव बाबा के मंदिर में श्रद्धा भाव से भक्तों ने प्रसाद चढ़ाया और अनुष्ठान किया। और देर रात तक भंडारा वितरण किया गया।जनता नगर स्थित मंदिर,नाई पिपरिया मंदिर सहित जिले के धनोरा, घंसौर, केवलारी,छपारा, लखनादौन, बरघाट,कुरई विकासखण्डो में स्थित मंदिरों में भी पूजन हुआ।







