सर्द हवाओं के असर से शीतलहर का अहसास
न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया दर्ज़

जबलपुर, यश भारत। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से नीचे बने रहने के कारण लोगों को शीतलहर का अनुभव हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाए, तो इसे शीतलहर माना जाता है।
स्थानीय मौसम कार्यालय के प्रभारी डीके तिवारी ने बताया कि आने वाले चार-पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उत्तर भारत से लगातार ठंडी हवाओं का प्रवाह बना हुआ है, जिससे तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम है। रविवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इसके साथ ही आद्रता में भी बढ़ोतरी देखी गई — गत शाम आद्रता 54 प्रतिशत थी, वहीं सोमवार सुबह 70 प्रतिशत दर्ज की गई।
डीके तिवारी ने बताया कि तापमान में इस तरह की गिरावट और आद्रता में उतार-चढ़ाव के चलते स्थानीय लोगों को शीतलहर का अधिक अनुभव होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बुजुर्ग और बच्चे ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतें और बाहर निकलते समय पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह ठंड बनी रहती है, तो शहर में सर्दी से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मामलों में वृद्धि होने की संभावना है। इसलिए नागरिकों को स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।







