भोपालमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, फसलें हुईं प्रभावित

मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी, फसलें हुईं प्रभावित
भोपाल यशभारत। मध्यप्रदेश के मौसम में लगातार परिर्वतन बना हुआ है। रविवार को दिन भर हुई बारिश के बाद सोमवार को तीखी धूप खिली रही। तापमान में भी बढ़ोत्तरी बनी रही। वहीं मौसम विभाग ने आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के आठ जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इटारसी के तवा डैम के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए सोमवार सुबह तीन गेट खोले गए। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम जलभराव से बचाव के लिए जरूरी था।
बारिश का सीधा असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ा है कई जगहों पर मक्का की फसल बारिश के कारण खराब हो गई। सोमवार को किसान खेतों में फसल को निकालने में व्यस्त रहे। इसी तरह धान की फसल भी बारिश से गीली होने की जानकारी सामने आई है। किसान तिरपाल ढककर फसल को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आधे मध्य प्रदेश यानी भोपाल, इंदौर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, हरदा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, आगर-मालवा, रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर जिलों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश या बूंदा-बांदी जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जलभराव और सडक़ पर फिसलन को देखते हुए वाहन चालकों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग भी प्रभावित इलाकों में निगरानी बनाए हुए हैं। बारिश के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है, और जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button