देश

​पाकिस्तान के उत्तर वजीरिस्तान में सैन्य शिविर पर भीषण आत्मघाती हमला, 7 सैनिक की मौत

​पाकिस्तान के उत्तर वजीरिस्तान में सैन्य शिविर पर भीषण आत्मघाती हमला, 7 सैनिक की मौत
शांति वार्ता से पहले तनाव बढ़ा
भोपाल, यशभारत। अफगानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तान को शुक्रवार को उस समय एक और बड़ा झटका लगा, जब उत्तर वजीरिस्तान के मिर अली इलाके में पाकिस्तानी सेना के एक चेकपोस्ट को निशाना बनाते हुए भीषण आत्मघाती हमला किया गया।
​स्थानीय मीडिया और सुरक्षा सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, हमला हादी फोर्ट चेकपोस्ट पर किया गया। एक विस्फोटक से लदी गाड़ी (VBIED) को मुख्य द्वार पर भिड़ा दिया गया, जिससे एक शक्तिशाली धमाका हुआ और पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया।
​आधिकारिक पुष्टि: 7 जवान शहीद, 13 घायल
​इस हमले में कम से कम 7 पाकिस्तानी सैनिक शहीद हो गए, जबकि 13 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने हताहतों की संख्या की पुष्टि की है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ दावों में 20 सैनिकों की मौत की बात भी कही जा रही है, लेकिन आधिकारिक आंकड़े 7 मौतों के ही हैं।
​सुरक्षा मुख्यालय पर दूसरा हमला नाकाम, 4 आतंकी ढेर
​शुक्रवार को उत्तर वजीरिस्तान में इसी तरह का एक और हमला सुरक्षा मुख्यालय पर भी हुआ। आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने अनादोलू एजेंसी को बताया कि सेना ने हमला नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने पहले विस्फोटक से लदी गाड़ी को मुख्य द्वार पर भिड़ाया और फिर गोलीबारी की, लेकिन पाकिस्तानी फौज ने हमलावरों को परिसर में घुसने नहीं दिया। जवाबी कार्रवाई में चारों आतंकियों को मार गिराया गया।
​वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
​इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें हमले की भयावहता दिख रही है। एक वीडियो में तेज धमाके के बाद आसमान में काली धुंध छा जाती है, और पृष्ठभूमि में गोलीबारी की आवाजें गूंज रही हैं।
​शांति वार्ता से कुछ घंटे पहले हमला
​यह बड़ी घटना दोहा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित शांति वार्ता से महज कुछ घंटे पहले हुई है, जिससे दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव और बढ़ गया है। इस हमले ने एक बार फिर सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा चुनौतियों को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button