भोपालमध्य प्रदेश

उदित को पीटने वाले आरक्षकों पर हत्या का केस दर्ज

आरोपी आरक्षकों की तलाश के लिए टीम गठित  

उदित को पीटने वाले आरक्षकों पर हत्या का केस दर्ज

  – आरोपी आरक्षकों की तलाश के लिए टीम गठित  

–  पिपलानी थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग के छात्र साथ की गई थी मारपीट 

 भोपाल यशभारत। इंजीनियरिंग के छात्र उदित गायकी (21) के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य के विरुद्ध पिपलानी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इसकें बाद से ही दोनों आरक्षक फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शार्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर आरक्षकों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में उदित के साथ मारपीट होने की बात की पुष्टि हुई है।

घटना सामने आने के बाद दोनों को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। शार्ट पीएम रिपोर्ट में आरक्षकों द्वारा उदित के साथ मारपीट पुष्टि होने के बाद परिजन व उसके दोस्त बड़ी संख्या में पिपलानी थाने पहुंचें और हंगामा कर दिया। हंगामें के दौरान बालाघाट में पदस्थ डीएसपी व उदित के बहनोई केतन अडलक भी मौजूद रहे। थाने में जमा हुए लोगों ने पुलिस प्रशासन होश में आओ के नारे भी लगाए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी और पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे भी मौजूद रहे।

उदित के दोस्तों ने लगाया रिश्वत मांगने का आरोप: 

हंगामे के दौरान उदित के दोस्तों ने दोनों आरक्षकों पर दस हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। दोस्त अक्षय ने बताया कि दोनों पुलिस कर्मी उदित को बुरी तरह से पीट रहे थे। सभी दोस्त पुलिस कर्मियों से उदित को छोडऩे की गुहार लगा रहे थे, लेकिन दोनों पुलिस कर्मी उदित को पीटते रहे। जब उदित बेहोश हो गया तो उसे छोडऩे के लिए दस हजार रुपए की मांग करने लगे थे। इसके बाद जब उदित को अस्पताल लेकर आए तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।  – डंडा लगने से फटा पेनक्रियाज:   शार्ट पीएम रिपोर्ट में सामने आया है कि आरक्षक जब उदित को पीट रहे थे इसी दौरान डंडे का जोरदार प्रहार हुआ। उदित की पीठ पर डंडा लगा इसी दौरा पेनक्रियाज यानि अग्राश्य की झिल्ली फट गई। डंडे के इसी प्रहार से उदित बेहोश हुआ था। पीएम रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि शरीर के अन्य हिस्सों में भी डंडे के चोट के निशान है।

गौरतलब है कि उदित की मौत के मामले को लेकर पुलिस के आला अधिकारी हार्ट फेल की बात कह रहे थे, लेकिन परिजन हत्या की बात पर अड़े हुए थे। पीएम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर निलंबित आरक्षकों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज को भी मामले का आधार बना रही है।

यह है मामला  गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात उदित अपने दोस्तों के साथ इंद्रपुरी में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान चार्ली मोबाइल के आरक्षक संतोष और सौरभ आए। दोनों ने उदित को पकड़ लिया और पहले कपड़े उतरवाए। उसके बाद डंडे से पीटना शुरू कर दिया। दोनों आरक्षकों ने उदित को तब तक पीटा जब तक की वह बेहोश नहीं हो गया। घटनाक्रम सीसीटीवी में रिकार्ड हुआ है। बेहोशी की हालत में दोस्त उदित को एम्स लेकर पहुंचे थे जहां उसे डॉक्टरों ने परीक्षण को बाद मृत घोषित कर दिया।

 इनका कहना है: 

उदित गायकी की मौत के मामले की जांच की जा रही है। आरक्षक सौरभ आर्य और संतोष बामनिया के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरक्षकों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

विवेक सिंग, डीएसपी जोन 2, भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button