सिंगरौली में प्यार के चक्कर में युवक की हत्या
चार दोस्तों ने एक महीने पहले मार कर नदी किनारे रेत में दफना दिया शव

सिंगरौली यशभारत। कोयलांचल सिंगरौली जिले के गोरा गांव से 4 किमी दूर खरहरी के जंगल में मिले नरकंकाल के मामले की जांच के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया। एसपी मनीष खत्री ने बताया है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का था। जिसके चलते चार दोस्तों रावेन्द्र साहू, धीरज साहू, रामकुमार साहू और विजय साहू ने सुनियोजित तरीके से पुष्पेंद्र साहू की हत्या की और लाश को नाले के किनारे दबा दिया था।
एसपी खत्री ने गुरुवार बताया कि निवासी पवन साहू ने पिछले 7 जुलाई को सरई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 6 जुलाई की रात उनका भाई पुष्पेंद्र साहू खाना खाकर बाइक से घर से कुछ दूर पाहि है, वहां पर सोने गया था। जो एक दिन बाद भी घर नहीं लौटा था। उसका मोबाइल भी बंद था। 19 जुलाई को उसके गांव से 4 किमी दूर खरहरी के जंगल में एक नर कंकाल मिला था। जिसकी पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया गया। टेस्ट में कंकाल के पुष्पेंद्र साहू की होने की पुष्टि हुई।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है पूरा मामला
उन्होंने बताया कि गोरा के रहने वाले आरोपी रावेन्द्र का मृतक के घर एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसको लेकर दोनों में विवाद होता था। दूसरी ओर मृतक पुष्पेंद्र के मामा की बेटी के सुसाइड मामले में राम कुमार और विजय साहू अभीयुक्त हैं। इन दोनों आरोपियों को शक था कि पुष्पेंद्र इस केस में अपने मामा की मदद कर रहा है। जिससे दोनों पुष्पेंद्र से रंजिश रखते थे। दूसरी ओर मृतक पुष्पेंद्र साहू धीरज के घर की महिला से बातचीत करता था। कई बार समझाने पर भी नहीं माना था। जिससे आरोपी धीरज भी मृतक पुष्पेंद्र से रंजिश रखता था।
एक महीने पहले बनाई थी हत्या की योजना
आरोपियों ने पुष्पेंद्र की हत्या के लिए एक महीने पहले से योजना बना रखी थी। इसी दरम्यान 6 जुलाई को रात को पुष्पेंद्र अपने पाही पर सोने गया। रास्ते में घात लगाये बैठे चारों आरोपियों ने पुष्पेंद्र के गले में गमछा डाल कर खींच लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिर उसकी लाश को नदी के किनारे ले जाकर रेत के नीचे दफना दिया। पुष्पेंद्र का मोबाइल पेड़ के नीचे फेंक दिया और बाइक को दूर छोड़ दी। रावेन्द्र साहू, धीरज साहू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। हत्या के दो अभियुक्त रामकुमार साहू, विजय साहू एक अन्य मामले में 29 अगस्त से जेल में बंद हैं।







