ट्रंप के टैरिफ पर किसी को घबराने की जरूरत नहीं
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बता दी पीएम मोदी की 'सीक्रेट प्लानिंग

नई दिल्ली, ईएमएस । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर टैरिफ लगाने के बाद दोनों देशों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा बयान दिया है। मीडिया को दिए बयान में उन्होंने कहा कि ट्रंप के टैरिफ पर किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि भारत और अमेरिका टैरिफ पर एक न्यायसंगत, संतुलित और निष्पक्ष समझौते पर पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्री ने एएनआई को दिए बयान में इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका द्वारा भारतीय सामान पर 50 % टैरिफ को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत चल रही है। जल्द ही ये मसला सुलझ जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कारोबारियों को दिया ये आश्वासन
अमेरिका के भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद देश से निर्यात करना महंगा हो गया है। ऐसे में पीयूष गोयल ने भारतीय कारोबारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अच्छे संबंध बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी को घबराना नहीं चाहिए। अभी दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है और हमें ये बातचीत होने देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि अमेरिका के साथ हमारे अच्छे संबंध बने रहेंगे और हम इस मुद्दे को सुलझा लेंगे।
लंबे हैं अमेरिका से रिश्ते, दोनों देशों के बीच बातचीत की अभी कोई समय-सीमा तय नहीं
न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में केंद्रीय मंत्री ने ये भी स्पष्ट कहा कि टैरिफ पर दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत की अभी कोई समय-सीमा तय नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें इस मसले पर धैर्य रखना चाहिए, क्योंकि दोनों देशों के बीच रिश्ते काफी लंबे हैं, इस मुद्दे पर जल्दबाजी ठीक नहीं।
रेवेन्यू में आएगी तेजी
जीएसटी से सरकार को होने वाले फायदे के बारे में बात करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि हर महीने जीएसटी से करीब 2 लाख करोड़ रुपये की कमाई हो रही है। उन्हें उम्मीद है कि इन बदलावों से टैक्स और भी ज्यादा आएगा। उन्होंने कहा कि मांग बढऩे से यह और ऊपर जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जीएसटी में कटौती के बाद भी रेवेन्यू में वृद्धि होगी।
ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी
पीयूष गोयल ने कहा कि जीएसटी में कटौती के बाद भी देश में निवेश तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि जब डिमांड होगी तो इंडस्ट्री की दिलचस्पी निवेश बढ़ाने में होगी। डिमांड बढऩे का मतलब है कि नौकरियों के मौके बढ़ेंगे। ज्यादा निवेश से मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज सेक्टर में ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी। जीएसटी में कई चीजों पर टैक्स कम कर दिया गया है। जैसे सीमेंट, खेती के उपकरण, दोपहिया वाहन, छोटी कारें और रोजमर्रा की चीजें आदि। पीयूष गोयल का कहना है कि इससे लोगों को हर चीज सस्ती मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगभग हर रोजमर्रा की चीज, खाने की चीजों पर कीमतों में भारी कमी आएगी।
तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने कोरोना महामारी के दौरान भी अच्छा प्रदर्शन किया और लगातार चार सालों तक सबसे तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था बना रहा। उनके अनुसार, भारत की जीडीपी को 4 ट्रिलियन डॉलर से बढ़ाकर लंबे समय में 30 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने की तैयारी हो चुकी है।







