पुलिस को नहीं लगा डकैतों का सुराग, रीठी में सराफा व्यापारी की दुकान में वारदात, व्यापारियों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दर्ज किया डकैती के प्रयास का मामला

रीठी, यशभारत। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोल बाजार स्थित लक्ष्मण सोनी की सोने-चांदी की दुकान में रविवार की रात चड्डी-बनियान गिरोह द्वारा डकैती का असफल प्रयास करने की घटना के दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस अब तक अज्ञात आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारी और नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में लोग रीठी थाने के सामने एकत्रित हो गए। थाने में कार्रवाई न होते देख प्रदर्शनकारियों ने कटनी दमोह बायपास मार्ग पर पहुंचकर सडक़ पार जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शनकारी डकैती की नियत से हुई वारदात को चोरी करार दिए जाने पर पुलिस के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए डीएसपी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। उन्होंने न केवल घटना स्थल का निरीक्षण कियाए बल्कि सभी बिंदुओं पर जांच का आश्वासन भी दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। लोगों ने कहा कि रीठी पुलिस इस घटना को चोरी का प्रयास मान रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सीधे तौर पर डकैती का प्रयास था। स्थानीय व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब पुलिस द्वारा रात्रिकालीन गश्त की बात की जाती है, तो इतनी बड़ी संख्या में हथियारबंद अपराधी कैसे बेखौफ घूम रहे हैं। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। चड्डी-बनियान गिरोह पहले भी कई शहरों में वारदातों को अंजाम दे चुका है। इनकी पहचान अर्धनग्न अवस्था मेंए चेहरे पर नकाब और हथियारों से लैस होकर वारदात करना है। रीठी की यह घटना भी ठीक उसी पैटर्न पर हुई है। व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और मुख्य बाजार क्षेत्रों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पड़ोसियों की सजगता से बड़ी वारदात टल गई। थाना प्रभारी राखी पांडेय ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती की तैयारी करने का अपराध दर्ज किया है।
इनका कहना है
अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धारा 312 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। संदेहियों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।
-राखी पांडे, टीआई रीठी







