बीच सड़क पर मैकेनिक पर तलवार-छुरी से जान लेवा हमला

बीच सड़क पर मैकेनिक पर तलवार-छुरी से जान लेवा हमला
भोपाल यशभारत ।
राजधानी के सबसे पॉश इलाकों में शुमार गैमन इंडिया मॉल के पास मंगलवार-बुधवार की रात आधा दर्जन बदमाशों ने बीच सड़क पर एक मैकेनिक पर तलवार-छुरी से जानलेवा हमला कर दिया। करीब आधा दर्जन बदमाश इनोवा कार से पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के पीछे वजह पैसों की अड़ीबाजी की बात सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक शिव नगर कॉलोनी टीटी नगर निवासी अमन (22) मैकेनिक है और इलाके में अपनी दुकान चलाता है। इलाके के बदमाश नरेंद्र रायकवार और नीलेश रजक बीते कई महीनों से अमन पर अड़ीबाजी कर रहे थे। दोनों उसे धमकी देते थे कि हर महीने तय रकम दो, वरना दुकान बंद करवा देंगे। डर के कारण अमन ने कई उन दोनों को पैसा दिया। लेकिन जब लगातार परेशान किया गया, तो उसने तीन महीने पहले थाने में शिकायती आवेदन दिया था। इनोवा से पहुंचे और हमला कर दिया- वारदात मंगलवार-बुधवार की देर रात ढाई बजे की है। अमन गैमन इंडिया मॉल के पास चाय की दुकान पर बैठा था, तभी आरोपी नरेंद्र, नीलेश और उनकेअन्य साथी इनोवा कार में वहां पहुंचे। सभी के पास धारदार हथियार थे। उन्होंने बिना कुछ कहे अमन पर हमला कर दिया। अमन के चीखने की आवाज सुनकर लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हमले का वीडियो अपलोड किया- हमले के कुछ देर बाद आरोपी नरेंद्र रायकवार ने अमन पर किए गए हमले और उसकी घायल अवस्था का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया और कैप्शन में लिखा और करो उलझन। डीसीपी शशांक ने बताया कि अमन की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले दिए गए शिकायती आवेदन की भी जांच की जा रही है। घायल अमन को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।







