अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कमल चावला को स्नूकर के लिए मिला विशेष सम्मान – खेल प्रतियोगिताओं में रेलवे के खिलाडिय़ों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कमल चावला को स्नूकर के लिए मिला विशेष सम्मान
– खेल प्रतियोगिताओं में रेलवे के खिलाडिय़ों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
यशभारत भोपाल। भोपाल मंडल में आयोजित क्रीडा प्रतियोगिता में रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाडिय़ों के प्रदर्शन पर उन्हे रेल मंडल द्वारा सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कमल चावला को स्नूकर के लिए विशेष सम्मान मिला। वहीं अन्य खिलाडिय़ों को भी सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मंडल क्रीडा परिषद पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल द्वारा दिनांक 03 जून से 08 जून 2025 तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज एवं बेंच प्रेस जैसी श्रेणियों में संपन्न हुईं। इस आयोजन में भोपाल मंडल के 100 से अधिक रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेता और उपविजेता खिलाडिय़ों को मंडल रेल प्रबंधक त्रिपाठी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल क्रीडा परिषद ने खेल जगत की प्रतिभाओं को भी विशेष सम्मान प्रदान किया। इनमें जेपी. यादव (क्रिकेट), कमल चावला (स्नूकर) एवं तनीषा असनानी (पॉवरलिफ्टिंग) प्रमुख रूप से शामिल रहे। समारोह के दौरान रेलवे अधिकारी विजय सिंह (वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी), प्रमोद जाधव (मंडल परिचालन प्रबंधक), विवेक अग्रवाल (मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता), एवं प्रिंस यादव (मंडल विद्युत अभियंता/टीआरडी) उपस्थिति रहे। इस संपूर्ण आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मंडल क्रीडा परिषद भोपाल के पदाधिकारियों प्रदीप याग्निक, सनी भटनागर, मो शाकिर, मो. सलमान, हेमंत यादव, ज्योति बंदोपाध्याय एवं जितेंद्र आसनानी की अहम भूमिका रही।







