9 साल की बालिका से छेड़छाड़ : अश्लील वीडियो दिखाकर 50 वर्षीय मकान मालिक करता था छेड़छाड़

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के वाईसा मोहल्ला में किराये के मकान में रह रहे परिवार की 9 वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। 50 वर्षीय मकान मालिक अश्लील वीडियो दिखाकर नाबालिग से छेड़छाड़ कर रहा था। मामला सामने आने पर नाबालिग की मां ने शिकायत की। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
सूचना के अनुसार 9 वर्षीय नाबालिग अपने माता-पिता के साथ वाईसा मोहल्ला निवासी महेंद्र घोषी (50) के मकान में वर्ष 2020 से किराये से रह रही थी। इसी दौरान नाबालिग को घर में अकेला देखकर महेंद्र उसे मवेशियों की सार में ले गया। जहां अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ की। इसके बाद 17 नवंबर की दोपहर महेंद्र ने फिर नाबालिग को अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ की। नाबालिग ने घर आकर मां को घटनाक्रम के बारे में बताया। बेटी की बात सुन उसकी मां ने महेंद्र की पत्नी को मामले की शिकायत की। इसके बाद उन्होंने मां-बेटी के साथ गालीगलौज की।