मध्य प्रदेशराज्य
76 लाख की ठगी : माइक्रो फाइनेंस लोन दिलवाकर किस्त भरने का दिया झांसा, 2 आरोपी गिरफ्तार

मंडला l बिछिया क्षेत्र में लोन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एसपी मंडला को शिकायत की थी कि खमरोटी निवासी सुखचैन उद्दे और उसके साथी गांव-गांव जाकर महिलाओं को माइक्रो फाइनेंस कंपनी से लोन लेने के लिए कह रहे हैं।
लोन की किस्तें खुद चुकाने का झांसा दिया
आरोपियों ने महिलाओं को कहा कि वे लोन लेकर पैसे उन्हें दे दें। बदले में उन्हें खर्चे के लिए कुछ रुपए देने का वादा किया। साथ ही बीमा राशि उनके खाते में आने और लोन की किस्तें खुद चुकाने का झांसा दिया। लेकिन महिलाओं से लोन की राशि लेने के बाद आरोपियों ने किस्तें चुकाने से मना कर दिया।
एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी बिछिया ने मामले की जांच की। हितग्राही महिलाओं और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने कुल 76 लाख 90 हजार 516 रुपए की धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने खमरोटी निवासी राहुल सिंह धुर्वे (37) और ग्राम बरिहा निवासी गुलाब सिंह यादव (35) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।







