तीर्थयात्रियों से भरी बस-कार में भिड़ंत, खाई में गिरने से 4 की मौत, कई घायल
4 killed, several injured as bus and car carrying pilgrims collide, fall into ditch

तीर्थयात्रियों से भरी बस-कार में भिड़ंत, खाई में गिरने से 4 की मौत, कई घायल
निज प्रतिनिधि | इंदौर/मू
इंदौर ज़िले के मू क्षेत्र में सोमवार रात यात्रियों से भरी बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में 2 महिलाओं समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। प्रशासन ने अब तक 3 मौत की पुष्टि की है।
हादसा रात करीब 9:40 बजे सिमरौड़ के पास भेरूघाट पर हुआ। जानकारी के अनुसार बस ओंकारेश्वर से इंदौर लौट रही थी और उसी दौरान सामने से आ रही कार से टकरा गई। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बस चालक नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। कुछ यात्री बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाले गए। सभी घायलों को मू के सिविल अस्पताल और इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया।
एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी के अनुसार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हुई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम मू को मौके पर भेजकर घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था की। कलेक्टर ने घटना की जांच के निर्देश भी दिए हैं।
यात्रियों का आरोप– “हमने उतरने को कहा पर ड्राइवर नहीं माना”
घटना में घायलएक यात्री रवि ने बताया कि वह अपने साथी राहुल के साथ ओंकारेश्वर दर्शन कर लौट रहा था। बस चालक नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। जब बस में झटके लगने लगे तो यात्रियों ने उसे रोककर उतारने की बात कही, लेकिन चालक ने नहीं सुना। कुछ ही देर में बस कार से टकराकर खाई में जा गिरी।
प्रशासन ने हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया
इंदौर के सीएमएचओ ने बताया कि तीन मृतकों के शव अस्पताल लाए गए हैं। गंभीर घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का
माहौल बना रहा।







