
नई दिल्ली, 19 जून 2025। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पूरे देश में अग्निशमन सेवाओं की दक्षता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे इस राष्ट्रीय अभियान के तहत अब तक 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 150 शहरों के 380 अग्निशमन कर्मियों को उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। यह पहल CISF स्थापना दिवस 2023 के मौके पर माननीय केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा दिए गए विशेष निर्देश का परिणाम है, जिसमें उन्होंने देश के 100 शहरों के फायर फाइटर्स को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी CISF को सौंपी थी।
इस दिशा में CISF के हैदराबाद स्थित ‘फायर सर्विस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ (FSTI) ने वर्ष 2023-24 के दौरान 11 बैचों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान 113 शहरों के 274 फायरमैन को प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा 2024-25 में अभियान को और विस्तार दिया गया और अब कुल प्रशिक्षित कर्मियों की संख्या 380 तक पहुंच चुकी है। आधुनिक अग्निशमन तकनीक रेस्क्यू ऑपरेशन की उन्नत विधियां गैस लीक, केमिकल अग्निकांड व औद्योगिक आपात स्थितियों से निपटने की कार्यशैली भारत के बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिकीकरण के बीच, स्थानीय अग्निशमन सेवाओं की तैयारी और तकनीकी दक्षता पर बड़ा सवाल उठता रहा है। ऐसे में CISF की यह पहल न केवल प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, बल्कि राज्यों के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया प्रणाली को भी मज़बूत कर रही है। CISF देश का इकलौता CAPF बल है जिसके पास समर्पित फायर विंग मौजूद है। यह विंग देश के रणनीतिक और औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा में वर्षों से अग्रणी भूमिका निभा रही है।







