बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रही 3 स्कूल बसें जब्त, आरटीओ के औचक निरीक्षण में खुली पोल

बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रही 3 स्कूल बसें जब्त, आरटीओ के औचक निरीक्षण में खुली पोल
रायसेन और विदिशा रोड सहित प्रमुख मार्गों पर चला चेकिंग अभियान; बिना फिटनेस और परमिट के सड़कों पर दौड़ रही थीं बसें
भोपाल, यशभारत। राजधानी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब सख्त रुख अपनाए हुए है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय भोपाल की टीम ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाकर संचालित हो रही तीन स्कूल बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इन बसों के पास न तो वैध फिटनेस सर्टिफिकेट था और न ही संचालन के लिए जरूरी परमिट।
इन इलाकों में हुई घेराबंदी
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर आरटीओ की टीम ने रायसेन रोड, विदिशा रोड और नर्मदापुरम रोड जैसे व्यस्त इलाकों में मोर्चा संभाला। चेकिंग के दौरान करीब डेढ़ दर्जन से अधिक स्कूल बसों को रोककर उनके दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्कूल बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
इन बसों पर गिरी गाज
आरटीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जांच में तीन बसों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं:
एमपी 04 पीए 2818: बिना फिटनेस और परमिट के संचालित।
एमपी 04पीए 3073: इस बस की फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी थी।
एमपी 04 डीबी 1216: फिटनेस सर्टिफिकेट के अभाव में बच्चों को ढो रही थी।
इन तीनों वाहनों को तुरंत जब्त कर आरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ा करवा दिया गया है।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों और बस मालिकों को कड़े लहजे में हिदायत दी है कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज तुरंत दुरुस्त करा लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा, जिसमें बसों के यांत्रिक फिटनेस के साथ-साथ ड्राइवर के लाइसेंस और बस के भीतर सुरक्षा मानकों सीसीटीवी, पैनिक बटन) की भी जांच की जाएगी।
इनका कहना है…
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फिटनेस, बीमा और परमिट जैसे दस्तावेज अनिवार्य हैं। लापरवाही बरतने वाले संचालकों के खिलाफ वाहन जब्ती और परमिट निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जितेंद्र शर्मा, आरटीओ भोपाल







