3 हजार रुपए के लिए हत्या:बार-बार उधारी चुकाने के लिए कहने पर चौकीदार का आया गुस्सा, सिर में मारा सरिया, मौत

ग्वालियर में 3 हजार रुपए के लिए दो युवकों ने एक किराना दुकान संचालक की सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। उधारी के पैसे मांगने पर हमलावर बौखला गए और हमला कर दिया। मृतक को बचाने उसकी पत्नी भी आई तो उसे भी सरिया लगा है। घटना बहोड़ापुर के चंद्र नगर की है। मृतक ने हॉस्पिटल में जिंदगी के लिए तड़पते हुए दम तोड़ा है। घटना का पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को निगरानी में लेकर हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह है पूरा मामला
बहोड़ापुर स्थित चंद्र नगर निवासी मनोज रजक पुत्र नाथूराम घर के पास ही किराना दुकान चलाता है। उनकी दुकान से कुछ दिन पहले तखत सिंह व संजय जोशी ने कुछ सामान उधार लिया था, उसके बाद कई दिन से मनोज, तखत सिंह व संजय जोशी से उधारी के पैसे मांग रहे थे, लेकिन वह आजकल की कहकर टरका रहे थे। यह दोनों पास ही चौकीदारी करते हैं। सोमवार रात को संजय व तखत सिंह उनकी दुकान पर आए तो मनोज ने अपने रुपए वापस मांगे तो वह विवाद करने लगे, उस समय तो लोगों ने बीच-बचाव कर दिया। इसके बाद रात को जब मनोज व उसकी पत्नी पिंकी सब्जी लेने के लिए जा रही थे, तो संजय जोशी व तखत सिंह ने उन्हें घेर लिया और लाठी-सरिया से हमला बोल दिया। सरिया मनोज के सिर व मुंह में लगा, जिससे वह वहीं पर गिर पड़ा। जब पिंकी उसे बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसकी भी मारपीट की। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी वहां से भाग निकले। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जिंदगी के लिए तड़पते हुए तोड़ा दम
घायल मनोज की हालत गंभीर थी और डॉक्टरों ने उसे ICU में शिफ्ट कर दिया। मंगलवार सुबह मनोज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मनोज की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।