औपचारिकतायें पूर्ण करके निर्माण कार्य प्रारंभ करें अथवा भूखण्ड आबंटन रद्द करके प्रतीक्षा सूची के व्यवासायियों को भूखण्ड का आबंटन कर दिया जावेगा…कलेक्टर

कलेक्टर डा.इलैयाराजा ने डेयरी स्टेट परियोजना खम्हरिया के डेयरी व्यवसायियों की ली बैठक
जबलपुर बरेला के ग्राम खम्हरिया में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की डेयरी स्टेट परियोजना के डेयरी व्यवसायियों की कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी ने समस्त व्यवसायियों से कहा है कि परियोजना स्थल पर जिन्हें भूखण्ड का आबंटन किया जा चुका है वे तत्काल समस्त औपचारिकतायें पूर्ण करें एवं निर्माण कार्य प्रारंभ करें।
कलेक्टर ने बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि औपचारिकतायें पूर्ण नहीं करने वाले व्यवसायियों के भूखण्ड आबंटन को रद्द किया जाये एवं प्रतीक्षा सूची के व्यवासायियों को भूखण्ड का आबंटन नियमानुसार कर दिया जाये। डेयरी व्यवसायियों द्वारा प्रस्तुत की गई समस्याओं जिसमें विशेषकर एप्रोच रोड, बिजली के पोल, पानी की टेस्टिंग आदि पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल पर भ्रमण कर निराकरण किये जाने आश्वास्त किया।
बैठक में उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एसके बाजपेयी एवं क्रियान्वयन ऐजेंसी म.प्र. राज्य पशुधन एवं कुक्कुर विकास निगम के कार्यपालिक अधिकारी डॉ. आर.के. कुर्मी उपस्थित थे।







