24 घंटे के भीतर तीन जगह आग की घटनाएं, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला
माधव नगर, पौनिया पाडरभट्ठा और शुक्ल पिपरिया में लगी आग, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

24 घंटे के भीतर तीन जगह आग की घटनाएं, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला
माधव नगर, पौनिया पाडरभट्ठा और शुक्ल पिपरिया में लगी आग, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

कटनी, यशभारत। जिले में बीते 24 घंटों के दौरान आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं ने प्रशासन और आमजन की चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग समय पर हुई इन घटनाओं में आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं बनी।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना 11 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे माधवनगर स्थित अपना धर्मकांटा के पास हुई, जहां अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही माधव नगर जोन से दमकल वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
इसके बाद दूसरी घटना 12 अप्रैल की सुबह लगभग 10:28 बजे पौनिया पडरभटा गांव में सामने आई, जहां आग तेजी से फैलने लगी और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
तीसरी घटना इसी दिन सुबह 11:52 बजे शुक्ल पिपरिया क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन से दमकल वाहन रवाना किया गया और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
तीनों घटनाओं में दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की संयुक्त कोशिशों से आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।







