एक क्लिक में किसानों के खातों में पहुँचे 238 करोड़, 6 जिलों को मिला राहत पैकेज
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न जिलों को निम्नानुसार राहत राशि प्रदान की गई

एक क्लिक में किसानों के खातों में पहुँचे 238 करोड़, 6 जिलों को मिला राहत पैकेज
श्योपुर जिले के बड़ौदा तहसील मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 6 जिलों के किसानों को फसल क्षति मुआवजा राशि वितरित की। कार्यक्रम परिसर पुलिस थाने के समीप ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहाँ कुल 3 लाख 5 हजार 410 किसानों के बैंक खातों में 238 करोड़ 78 लाख रुपये की राहत राशि अंतरित की गई। यह मुआवजा अतिवृष्टि, बाढ़ व पीला मौजेक कीट रोग के कारण हुई फसल क्षति के लिए प्रदान किया गया।
इस मुआवजा वितरण में श्योपुर, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम, धार और खंडवा जिले शामिल रहे। 23 तहसीलों के 2 हजार 148 ग्रामों के किसानों को राहत राशि का लाभ मिला। इनमें श्योपुर जिले के 1 लाख 3 हजार 78 धान प्रभावित किसानों को अकेले 100 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न जिलों को निम्नानुसार राहत राशि प्रदान की गई
श्योपुर जिले के 1,03,078 किसानों को 100 करोड़ 83 लाख रुपये
हरदा जिले के 95,989 किसानों को सोयाबीन फसल नुकसान पर 71 करोड़ 52 लाख रुपये
विदिशा जिले के 51,830 किसानों को सोयाबीन व उड़द फसल क्षति पर 29 करोड़ 15 लाख रुपये
नर्मदापुरम जिले के 22,779 किसानों को सोयाबीन फसल नुकसान पर 19 करोड़ 84 लाख रुपये
धार जिले के 19,173 किसानों को सोयाबीन व मक्का क्षति पर 10 करोड़ 31 लाख रुपये
खंडवा जिले के 12,961 किसानों को सोयाबीन में पीला मौजेक कीट क्षति पर 7 करोड़ 13 लाख रुपये

विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी हुआ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत 2 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बने सेसईपुरा के आदिवासी बालक आश्रम का लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही 14 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नर्सिंग कॉलेज भवन, 14 करोड़ 95 लाख रुपये लागत वाले 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय तथा 96 लाख रुपये की लागत से स्थापित होने वाले बागवानी एवं खाद प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केंद्र की घोषणा की गई।
ग्रामीण विद्युत सुविधा विस्तार के लिए ग्राम लहरौनी में 2 करोड़ 61 लाख, ग्राम बलावनी में 2 करोड़ 53 लाख और डाबीपुरा में 2 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से नए 33/11 केव्ही विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किए गए।







