मध्य प्रदेशराज्य

गरीबों के निवाले भी चोरी : राशन दुकानों पर सक्रिय चोर गिरोह, 6 माह में 15 वारदातें, राशन दुकान से 1.15 लाख का खाद्यान्न चोरी

Table of Contents

मंडलाl जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाने वाला एक संगठित चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। ताजा घटना नारायणगंज विकासखंड के ग्राम अमदरा में सामने आई है, जहां शुक्रवार रात एक संयुक्त राशन दुकान से लगभग 1.15 लाख रुपये का खाद्यान्न चोरी कर लिया गया। अमदरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान और कुई वन समिति की संयुक्त दुकान के संचालक मनोज सोनी ने टिकरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने दुकान का चैनल गेट तोड़कर 16 क्विंटल गेहूं, 15 क्विंटल चावल और 1.18 क्विंटल शक्कर चुरा ली। चोरी हुए खाद्यान्न की अनुमानित कीमत करीब 1.15 लाख रुपए है। दुकान संचालक के अनुसार, चोरी की घटना के दौरान गांव की बिजली रात 1 बजे से 3 बजे तक गुल रही। पास में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने इस दौरान एक मिनी ट्रक देखने की बात कही है। आशंका है कि इस वारदात में 6 से 8 चोर शामिल थे, जिन्होंने सुनियोजित ढंग से चैनल गेट का ताला तोड़कर खाद्यान्न ट्रक में लादा और फरार हो गए। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अजय झारिया ने बताया कि पिछले छह माह के भीतर जिले की 10 से 15 राशन दुकानों में चोरी की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। इन सभी मामलों में पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। झारिया के अनुसार, पहले मवई, बिछिया और मोहगांव विकासखंडों में चोरी हुई थी, और अब नारायणगंज और निवास विकासखंड भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं।

उन्होंने लगातार हो रही इन वारदातों को देखते हुए राशन दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सिफारिश की है। जनवरी माह में सुखराम गांव में 11 जनवरी को लगभग 50 क्विंटल खाद्यान्न और लुहारी (निवास) में भी 50 क्विंटल खाद्यान्न चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। इसके अतिरिक्त, जून से अक्टूबर माह के दौरान घुघरी विकासखंड की डुंडी, तबलपानी, खम्हरिया, राम्हेपुर और मोहगांव विकासखंड के चंदवारा और बोड़ासिल्ली राशन दुकानों में भी चोरी हुई है। इन लगातार हो रही और एक जैसे पैटर्न पर आधारित घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि राशन दुकानों को निशाना बनाने वाला एक संगठित गिरोह जिले में सक्रिय है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button