16 वर्षीय लड़की से रेप, फिर ब्लैकमेल:दोस्ती करके आरोपी ने होटल में किया रेप, वीडियो बनाकर करने लगा ब्लैकमेल
जबलपुर, यशभारत। एक बदमाश ने पहले 16 वर्षीय लड़की को प्रेमजाल में फंसाया। मिलने के बहाने होटल ले जाकर उसके साथ रेप किया। वहां वीडियो बना लिया। फिर उसे ब्लैकमेल करते हुए चोरी करने पर मजबूर कर दिया। पीड़िता अपने ही घर से जेवर चोरी कर युवक को देती थी। परेशान होकर उसने घरवालों को बताया। फिर थाने पहुंच कर एफआईआर दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार गोहलपुर क्षेत्र निवासी लड़की ने शिकायत दर्ज कराई कि अरिहंत उर्फ मोहित गुप्ता से कुछ समय पहले उसकी दोस्ती हुई थी। वह उसका मोबाइल नंबर लेकर बातचीत करने लगा था। पिछले 17 नवंबर 2020 को उसे मिलने के लिए बुलाया। बातचीत के बहाने नौदरा ब्रिज स्थित होटल शिव शक्ति ले गया। वहां होटल के कमरे में दोपहर करीब 2 बजे आरोपी ने उससे रेप किया। इसी दौरान चुपके से अश्लील वीडियो बना लिया।
पैसे के लिए ब्लैकमेल कर रहा था
इसके बाद आरोपी लड़की को बदनाम करने की धमकी देते हुए पैसों के लिए ब्लैकमेल करने लगा। बदनामी के डर से लड़की ने घर में रखा मंगलसूत्र और अन्य जेवर मोहित को दे दिए। इसके बावजूद वह आए दिन उसे ब्लैकमेल करते हुए पैसे की डिमांड करता रहता था।
धमकी से परेशान लड़की पहुंची थाने
वह उसे लगातार धमकी देता था। परेशान होकर लड़की ने हिम्मत कर घरवालों को बताया। इसके बाद उसे लेकर परिजन ओमती थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ रेप, पाक्सो एक्ट, अवैध वसूली, धमकी देने का प्रकरण दर्ज करते हुए मामला जांच में लिया है।