14 महीने पहले थामी थी कलाई, अब वही हाथ बने काल: झगड़े के बाद पति ने गला घोंटा, खुद थाने पहुंचा

14 महीने पहले थामी थी कलाई, अब वही हाथ बने काल: झगड़े के बाद पति ने गला घोंटा, खुद थाने पहुंचा
मायके पक्ष का आरोप- दहेज के लिए करता था प्रताड़ित, त्योहार मनाने भी नहीं रुकने दिया
भोपाल,यशभारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा कृष्ण कॉलोनी (खेजड़ा) में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। महज 14 महीने पहले जिस पति के साथ सात फेरे लेकर कंचन ने खुशहाल जिंदगी का सपना देखा था, उसी पति ने मामूली विवाद के बाद गला घोंटकर उसकी जान ले ली। हैरत की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी पति चैन की नींद सोया और सुबह खुद थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात की सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय कंचन साहू का अपने पति हेमराज साहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हेमराज हाट-बाजारों में दाल बेचने का काम करता है। विवाद इतना बढ़ा कि हेमराज ने आपा खो दिया और कंचन के साथ मारपीट करते हुए उसका गला दबा दिया। जब कंचन बेसुध हो गई, तो वह उसे वैसे ही छोड़कर दूसरे कमरे में जाकर सो गया। सुबह जब उसने देखा कि कंचन के शरीर में कोई हलचल नहीं है, तब वह सीधे थाने पहुंचा।
दो दिन और रुकना चाहती थी बहन
मृतका के भाई ने पुलिस को दिए बयान में रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे किए हैं। भाई का आरोप है कि मां की मौत के बाद कंचन अपना पहला त्योहार मनाने मायके आई थी। शाम को जब हेमराज उसे लेने आया, तो कंचन ने दो दिन और रुकने की इच्छा जताई थी। इसी बात पर हेमराज भड़क गया और उसे जबरन साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही हेमराज दहेज के लिए कंचन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
खास बातें: जांच के घेरे में मौत
हत्या के बाद आरोपी का बेखौफ अंदाज पुलिस को भी चौंका रहा है। नवविवाहिता की मौत होने के कारण मामले की केस डायरी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। नियमानुसार इसकी जांच एसीपी स्तर के अधिकारी करेंगे। वही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि होने पर हत्या का केस दर्ज किया जाएगा।
इनका कहना है…
महिला की मौत संदिग्ध है, पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मायके पक्ष ने दहेज और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी, छोला मंदिर- सरस्वती तिवारी






