10 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसपी ने दिखाई सख्ती, बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर थाना अधिकारी पर भी कार्रवाई

कटनी, यशभारत। पुलिस विभाग में अनुशासन महत्वपूर्ण होता है और इसको लेकर अब पुलिस कप्तान ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने विभागीय अनुशासन को लेकर बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित अर्दली रूम में कर्तव्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामलों की समीक्षा करते हुए 10 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की। विभागीय जांच में दोषी पाए गए प्रधान आरक्षक, आरक्षक वर्ग के कर्मचारियों की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई। बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले एक थाना अधिकारी पर भी यही कार्रवाई की गई। न्यायालयीन प्रकरणों में विवेचना में देरी करने वाले दो उप निरीक्षकों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। विभागीय जांच को लंबित रखने पर एक सूबेदार, लाइन अधिकारी पर भी 5 हजार का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
गंभीर लापरवाही पर बड़ा एक्शन
एक उपनिरीक्षक द्वारा नाबालिग बालिका के मामले में थाना प्रभारी के निर्देशों की अवहेलना, वैधानिक कार्रवाई में देरी और वरिष्ठ अधिकारी से अमर्यादित व्यवहार करने पर कड़ा रुख अपनाते हुए एक माह के वेतन का 50 प्रतिशत काटने का दंड दिया गया। शासकीय गोपनीयता भंग करने वाले एक उपनिरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित की गई है। जांच लंबित रखने वाले चौकी प्रभारी एवं विशेष ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले प्रधान आरक्षकों की सर्विस बुक में निंदा प्रविष्टि दर्ज की गई।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं : एसपी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में आगाह करते हुए कहा की आम जनता से जुड़े मामलों का समयसीमा में निराकरण करें। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का अक्षरश: पालन करें। कर्तव्यों के प्रति सजग रहें अन्यथा और कठोर कार्रवाई ;निलंबनध्सेवा समाप्तिद्ध की जाएगी। जनता की सेवा और कानून का शासन स्थापित करना हैए इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता अक्षम्य है।







