कटनीमध्य प्रदेश

होली की तैयारियां अंतिम दौर पर, 3 मार्च को होलिका दहन, सज गए बाजार, पूर्णिमा तिथि के दो दिन रहने और चंद्रग्रहण की वजह से बनी भ्रम की स्थिति

कटनी, यशभारत। रंगों के महापर्व होली की तैयारियां तेज हो गई है। रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानों से शहर का बाजार गुलजार हो गया है। सुभाष चौक से लेकर मेन रोड और शहर के अन्य क्षेत्रों में लगी दुकानों में खरीददारी भी शुरू हो गई है। पिछले साल के मुकाबले इस बार रंग, गुलाल और पिचकारियों के दामों में आंशिक वृद्धि हुई है, हालांकि इसके बाद भी लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। खासकर युवाओं और बच्चों में होली का क्रेज ज्यादा है। युवाओं ने होली को अपने अंदाज में मनाने की तैयारी की है। इस साल होली की तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। ऐसा पूर्णिमा तिथि के दो दिन रहने और चंद्रग्रहण की वजह से हो रहा है। इसी वजह से ये भ्रम है कि होली कब जलाएं और रंग कब खेलें।
मान्यता है कि होलिका दहन पूर्णिमा तिथि की रात में ही होना चाहिए, हालांकि कटनी में शांति समिति की बैठक में होलिका दहन 3 मार्च को किए जाने का निर्णय लिया गया है। 3 मार्च को शुभ मुहूर्त में शहर में जगह-जगह होलिका दहन होगा और इसके बाद अगले दो दिन 4 एवं 5 मार्च को शहर होली के रंगों में सराबोर नजर आएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार हर साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को होलिका दहन का पर्व मनाया जाता है। होलिका दहन के अगले दो दिन रंगों वाली होली होती है। शहर में एक सैकड़ा से अधिक स्थानों पर छोटी-बड़ी होलिका प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। शहर के सुभाष चौक, आजाद चौक, चांडक चौक, सुक्खन चौक सहित अन्य स्थानों पर होलिका प्रतिमाएं रख दी गई है। कई स्थानों पर झंडा लगाकर दहन की तैयारी की जा रही है। यहां कंडे की होली जलाई जाएगी। उधर शहर के बाजारों में भी रौनक नजर आ रही है। यहां ग्राहकों की भीड़ उमडऩे लगी है।
गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं…पुलिस करेगी कार्रवाई
पर्व के चलते पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मुस्तैद नजर आ रहे। पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में पुलिस द्वारा चैकिंग अभियान के साथ रात्रि गश्त की जा रही है। इसके अलावा पैदल मार्च भी किया जा रहा। होली के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। दहन से लेकर अगले दो दिनों तक चौराहे-चौराहे पुलिस तैनात होकर होली पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने का प्रयास करेगी।
शहर से गांव तक उत्साह
शहर, उपनगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में होली को लेकर उत्साह चरम पर है। होली का पर्व बुराई का अंत तथा सत्य की विजय के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। शहर में सुभाष चौक और आजाद चौक में होलिका दहन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसी तरह गांधी होलिका उत्सव समिति भी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष होलिका दहन करेगा। इसके अलावा शहर में अन्य कई स्थानों पर होलिका दहन करने की तैयारियां चल रही हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button