हाईवे पर फिर सक्रिय हुआ धान चोर गिरोह, स्लीमनाबाद के पास देर रात ट्रकों से हो रही चोरी

कटनी, यशभारत। धान खरीदी शुरू होने के साथ ही एक बार फिर धान चोर गिरोह सक्रिय हो चुका है। देर रात धान परिवहन करने वाले ट्रकों से धान उतारने और फिर उन्हें ठिकाने लगाने का खेल शुरू हो गया है। धान चोरी से संबंधित कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस पूरे गिरोह में शहर के ही कुछ लोगों का संरक्षण प्राप्त है। यह खेल बड़े पैमाने पर खेला जा रहा है। सरकारी धान की चोरी रोकने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा किए जा रहे प्रयास पर्याप्त नहीं है। सरकारी धान की चोरी जिले में पुरानी है। धान की चोरी अब जिले में खुलेआम लूट में तब्दील हो चुकी है। धान खरीदी के बाद परिवहन में लगे ट्रकों से रात के अंधेरे में सरकारी धान उतारकर बेचा जा रहा है और हैरानी की बात यह है कि यह सब हाईवे पर बेखौफ तरीके से हो रहा है। स्लीमनाबाद से अग्रवाल ढाबा और पिपरौंध तक का पूरा इलाका अवैध धान कारोबार का गढ़ बन चुका है। सूत्रों के मुताबिक धान से भरे ट्रकों को जानबूझकर हाईवे किनारे रोका जाता है और बिना नंबर की पिकअप गाडिय़ों से बोरे उतारकर चोरी की जाती है। बीती रात सामने आए वीडियो ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे सरकारी धान सडक़ किनारे उतारकर खुलेआम ठिकाने लगाया जा रहा है। इस पूरे खेल में कुछ ट्रांसपोर्टर और ट्रक ड्राइवरों की मिलीभगत सामने आई है। सरकारी धान को कौडिय़ों के दाम बाजार में खपाया जा रहा है और शासन को लाखों करोड़ों का नुकसान पहुंचाया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि एक युवक बिना नंबर की पिकअप लेकर अपने गिरोह के साथ रात में धान चोरी का नेटवर्क चला रहा है। सवाल यह है कि इतनी बड़ी गतिविधि पुलिस और प्रशासन की आंखों से कैसे बच रही है या फिर सब कुछ जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। क्या पुलिस और प्रशासन इस लूट पर लगाम लगाएंगे या फिर सरकारी धान की यह खुली डकैती यूं ही चलती रहेगी।







