कटनी

हाईकोर्ट पहुंचेगा 163 बच्चों की तस्करी का मामला, जीआरपी ने दर्ज किया मामला, तब्लीगी जमात ने कहा : पढऩे के लिए मदरसा जा रहे थे बच्चे

कटनी, यशभारत। आरपीएफ, जीआरपी एवं बाल कल्याण समिति ने कटनी स्टेशन पर शनिवार की शाम गाड़ी संख्या 17906 पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में रेस्क्यू करते हुए 163 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू किया था। सभी बच्चे बिहार के अररिया से महाराष्ट्र के लातूर ले जाए जा रहे थे। इन बच्चों को मदरसा में पढ़ाई के लिए ले जाए जाने की बात की गई थी। जीआरपी ने इस मामले में प्रथम दृष्टया मानव तस्करी पाई है। रविवार को जीआरपी ने 8 आरोपियों के खिलाफ धारा 143 (4) बीएनएस के तहत एफआइआर दर्ज की है। 83 बच्चों को कटनी के आसरा बालगृह आशा किरण व शेष बच्चे जबलपुर में सुरक्षित रखे गए हैं। इस मामले में सीडब्ल्यूसी आवश्यक दस्तावेज मंगा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों को हैंडोवर करने की कार्रवाई होगी। वहीं इस पूरे मामले में तब्लीगी जमात रोशननगर के सदस्य तारिक हुसैन ने बताया कि टीचर बच्चों को पढ़ाने के लिए मदरसे ले जा रहे थे। जीआरपी ने उन पर मानव तस्करी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसके खिलाफ अब माननीय उच्च न्यायालय की शरण ली जा रही है। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि पुलिस ने इस बात का आश्वासन दिया था कि मामले की जांच के बाद सभी को छोड़ दिया जाएगा, लेकिन रेल पुलिस ने आपराधिक मामला पंजीबद्ध किया, जो कि गलत है, इसके विरुद्ध न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
इन पर दर्ज हुई एफआईआर
जानकारी के मुताबिक रेल पुलिस ने सद्दाम पिता जरजीस 34 वर्ष निवासी बगदड़ा थाना जोकिहाट जिला अररिया बिहार, अमान उल्ला निवासी रामदा थाना रनपुरा जिला सुपोल, मोहम्मद जाहिर 21 वर्ष निवासी खरही कुंडलपुर जिला अररिया, आमिर खान रज्जाक निवासी नसैनी जिला नरैनी जिला बांदा, हाफिज अबू तालिम 23 वर्ष निवासी तारन थाना जाकिहाट जिला अररिया, मोहम्मद इस्लाम 27 वर्ष निवासी प्रतापगंज जिला सुपोल, मौसाद अंसारी 27 वर्ष निवासी धनगवां थाना महलगांव जिला अररिया, राशिद 19 वर्ष नवासी धनगवां जिला अररिया बिहार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इनका कहना है
इस मामले में बच्चों को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। कोई भी वैध दस्तावेज नहीं थे। यह प्रथम दृष्टया मानव तस्करी का मामला है। 163 बच्चों का रेस्क्यू कराते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।
-विजय गौठरिया, डीएसपी जीआरपी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button