सिवनी यश भारत:-70वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर शीतला पटले ने ध्वजारोहण कर सलामी ली।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर एवं संस्कृति, परंपरा और लोक जीवन की झलक देखने को मिली, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विधायक दिनेश राय एवं पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप रुपए 5000-5000 की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक न्याय विभाग के कला पथक दल द्वारा मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई, जिसके साथ समारोह का समापन हुआ।
सिवनी विधायक दिनेश राय ने कहा कि 1 नवंबर 1956 को गठित ये मध्यप्रदेश न सिर्फ भारत के हृदय में स्थित है, बल्कि देश के विकास मानचित्र पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। मध्य प्रदेश की ये 70 वर्षीय यात्रा समर्पण, संकल्प और सतत् विकास की सुखद यात्रा रही है। यह दिन हमें हमारे पूर्वजों की मेहनत, उनके जज्बे, जनभागीदारी से विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी एवं हम सभी की आस्था और निष्ठा की याद दिलाता है।
इस अवसर पर विधायक दिनेश राय, जिला अध्यक्ष भाजपा मीना बिसेन, नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता, अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूली छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
जिले के धनोरा, केवलारी, घंसौर, लखनादौन, बरघाट, कुरई, छपारा विकासखण्डो में भी कार्यक्रम आयोजित किये गए।