हनुमान जन्मोत्सव: पठरा सहित जिले भर के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
भव्य शोभायात्रा के साथ वाहन रैली, भजन-संध्या और भंडारे से गूंजा शहर, भक्तों ने भक्ति में डूबकर लिया धर्म लाभ

हनुमान जन्मोत्सव: पठरा सहित जिले भर के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
भव्य वाहन रैली, भजन-संध्या और भंडारे से गूंजा शहर, भक्तों ने भक्ति में डूबकर लिया धर्म लाभ
कटनी, यशभारत। आस्था और भक्ति की अद्भुत छटा आज शहर के हनुमान मंदिरों में देखने को मिली। पठरा धाम हनुमान मंदिर में महाबली हनुमान के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सुबह से ही हनुमान चालीसा, हवन, पूजन और आरती का क्रम चलता रहा।
मंदिर में समाजसेवी लकी सचदेवा और उनकी मित्र मंडली ने श्रद्धालुओं के लिए कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया। सुबह 11 बजे महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न पूजा कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से इन आयोजनों में भाग लिया।
भक्तों का कहना है कि हनुमान मंदिर के प्रति उनकी आस्था अत्यंत गहरी है। जन्मोत्सव के दौरान न केवल भगवान हनुमान के दर्शन हुए, बल्कि उनके आदर्श और शौर्य से प्रेरणा भी मिली।
माधव नगर हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन
माधव नगर के सिद्ध पीठ पूर्व मुखी हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिर के मुख्य पुजारी एवं समिति अध्यक्ष पंडित जनार्दन प्रसाद परोहा ने बताया कि सुबह 5 बजे से भगवान का चोला अभिषेक और सुसज्जित पोशाक से श्रृंगार एवं पूजन होगा। शाम 7 बजे भव्य महा आरती आयोजित की जाएगी।
मंदिर परिसर में भंडारा जारी है,
झंडा बाजार, खेरमाई मंदिर के बगल वाली गली, हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सेवा भाव के साथ परोसा जा रहा है।
शहर में निकली भव्य शोभायात्रा और वाहन रैली
सिद्ध पीठ दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, कमानिया गेट के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा और विशाल वाहन रैली निकाली गई। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी और मंदिर में वापस आकर समारोह में शामिल हुई। जिसमे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।इसके साथ ही भजन संध्या, विशाल भंडारा और महाआरती का आयोजन भी हुआ। कुठला सहित शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में भी सुबह से ही पूजा कार्यक्रम चल रहे थे, जिससे पूरे शहर में उत्सव और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
श्रद्धा भक्ति का संगम में
सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर के पुजारी आनंद महाराज ने कहा कि यह जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। हर किसी की आँखों में आस्था की चमक और हृदय में प्रभु के प्रति सच्ची भक्ति साफ झलक रही हैं।





