
कोटा में गुरुवार देर रात हिट एंड रन का दर्दनाक मामला सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार के 3 लोगों को रौंद दिया। हादसे में दिनेश (45) की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पत्नी और बच्चा घायल हो गए। दिनेश सब्जी का ठेला लगाता था। घटना से गुस्साए लोग शुक्रवार सुबह नयापुरा थाने के बाहर प्रदर्शन करने पहुंच गए।
मृतक के रिश्तेदार दिलखुश ने बताया कि MBS हॉस्पिटल के सामने फुटपाथ पर दिनेश अपनी पत्नी व बच्चे के साथ सो रहा था। रात 1 बजे के आसपास अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। इससे दिनेश चपेट में आ गया। उसके सिर पर चोट लगी। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी व बच्चा चोटिल हो गए। उन्हें रात में MBS अस्पताल में लाया गया। पत्नी बीनू बाई का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।