सिहोरा स्टेशन पर रीवा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन रीवा एक्सप्रेस एवं शहडोल नागपुर शहडोल एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ
ये उपलब्धि सिहोरा की, आपने हमें ताकत दी इसलिए मजबूती से आपकी बात रख पाते, अभी तो बस ये शुरुआत है : सांसद आशीष दुबे

जबलपुर। यात्रियों की सुविधा, क्षेत्रीय विकास तथा जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत गाड़ी संख्या 11754/11753 एवं 11756/11755 रीवा–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन–रीवा एक्सप्रेस तथा 11202/11201 शहडोल–नागपुर–शहडोल एक्सप्रेस के सिहोरा रेलवे स्टेशन पर ठहराव का शुभारंभ समारोह आज शनिवार, 07 मार्च 2026 को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में जबलपुर लोकसभा सांसद आशीष दुबे, पाटन विधायक अजय बिश्नोई, सिहोरा विधायक शसंतोष वरकड़े एवं बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडे,भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल,नगर पालिका अध्यक्ष संध्या दिलीप दुबे,जनपद अध्यक्ष रश्मि मनेंद्र अग्निहोत्री,विद्या दिनेश चौरसिया,सिहोरा अप डाउनर्स संघ से चेतराम विश्वकर्मा,नीलू बाजपेई,मानस तिवारी की विशेष उपस्थिति रही।
रेल प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉक्टर मधुर वर्मा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री नितेश कुमार सोने सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद आशीष दुबे ने इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए रेल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ठहराव सिहोरा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को नई गति देगा।
जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि यहां पर सभी इसे मेरे द्वारा दी गई सौगात बता रहे हैं लेकिन वास्तविकता में अगर देखें तो ये आप लोगों की उपलब्धि है आप लोगों ने हमें ताकत दी है तभी हम मजबूती से आपका पक्ष देश की संसद में रख पा रहे हैं.
सांसद श्री दुबे ने इस दौरान जबलपुर को मिली एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जबलपुर गोंदिया ब्रॉडगेज के दोहरीकरण के लिए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया।
श्री दुबे ने कहा कि ये तो बस अभी शुरुवात है अभी हमें सिहोरा और समूचे जबलपुर संसदीय क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाईयों तक लेकर जाना है,जिसके लिए आपके सतत सहयोग की आवश्यकता रहेगी।
विधायक शसंतोष वरकड़े ने भी इस सुविधा को क्षेत्र के लिए एक “मील का पत्थर” बताया।
हरी झंडी दिखाकर किया गया शुभारंभ
विशेष अवसर पर सांसद आशीष दुबे ने स्टेशन परिसर में उपस्थित जनसमूह के बीच हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों के ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया। यह क्षण उपस्थित नागरिकों के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय रहा।
यात्रियों को मिली बड़ी सौगात
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह ठहराव 7 मार्च से दोनों दिशाओं में 02 मिनट के लिए प्रारंभ किया गया है, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। गाड़ी संख्या 11754 रीवा – नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन एक्सप्रेस
आगमन समय : 20:08 बजे (सिहोरा)
गाड़ी संख्या 11753 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन – रीवा एक्सप्रेस
आगमन समय : 04:22 बजे (सिहोरा)
गाड़ी संख्या 11756 रीवा – नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन एक्सप्रेस
आगमन समय : 20:08 बजे (सिहोरा)
गाड़ी संख्या 11755 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी जंक्शन – रीवा एक्सप्रेस
आगमन समय : 04:22 बजे (सिहोरा)
गाड़ी संख्या 11202 शहडोल – नागपुर एक्सप्रेस
आगमन समय : 08:03 बजे (सिहोरा)
गाड़ी संख्या 11201 नागपुर – शहडोल एक्सप्रेस
आगमन समय : 17:22 बजे (सिहोरा)
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार ने बताया कि इस अतिरिक्त ठहराव से सिहोरा एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी, जिससे शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा।
*जनसहभागिता से सफल आयोजन*
कार्यक्रम स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं रेल प्रशासन के समन्वय से अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति से यह स्पष्ट हुआ कि यह ठहराव क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब साकार हो गई है।
समारोह के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा द्वारा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।








