सागर जिले से कांग्रेस की एकमात्र विधायक निर्मला सप्रे ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो) / लोकसभा चुनाव के अंतिम दौर में कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। सागर जिले में कांग्रेस पार्टी की एकमात्र विधायक निर्मला सप्रे ने आज मुख्यमंत्री की मौजूदगी में राहतगढ़ में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सागर जिले के सुरखी विधानसभा अंतर्गत राहतगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए थे।
यही बीना से कांग्रेस की विधायक निर्मला सप्रे ने सभा मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे के अचानक पाला बदलने से बीना सहित संपूर्ण जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता हतप्रभ है। वहीं कांग्रेस नेताओं द्वारा कहा जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी न केवल प्रदेश से बल्कि देशभर से लोकतंत्र को समाप्त कर देना चाहती है। इसी के चलते वह धीरे-धीरे विपक्ष को खत्म करने में जुटी हुई है।