समारोह में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने फहराया तिरंगा : ली परेड की सलामी

सिवनी यश भारत:-सिवनी मुख्यालय सहित जिलेभर में गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह भैरोगंज फुटबॉल स्टेडियम मैदान में आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई आकर्षक झांकियों ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रभावशाली तस्वीर प्रस्तुत की। स्वास्थ्य विभाग की झांकी में आयुष्मान भारत–जन आरोग्य योजना के तहत गरीबों व जरूरतमंदों को मिलने वाले 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज को दर्शाया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदमों को प्रदर्शित किया गया।
पशुपालन विभाग ने दुग्ध उत्पादन से समृद्धि को अपनी थीम बनाया, वहीं कृषि विभाग ने जैविक हाट बाजार, यूरिया ई-वितरण प्रणाली और नमो ड्रोन दीदी योजना को प्रस्तुत किया। विद्युत विभाग ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना और सोलर रूफटॉप योजना के माध्यम से ऊर्जा आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। एनआरएलएम ने लखपति दीदी योजना को केंद्र में रखा, जबकि आदिवासी विकास विभाग ने एकलव्य मॉडल विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार को प्रदर्शित किया। कुल 11 विभागों की झांकियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहीं।
इसके बाद परेड द्वारा मार्चपास्ट किया गया तथा स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं सांस्कृतिक प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए गए।
राष्ट्रीयता के प्रतीक तिरंगे को लेने बड़ी संख्या में बच्चे और नागरिक पहुंचे। शहर के चौक-चौराहों पर तिरंगा झंडा व सजावटी सामग्री की दुकानें सजी रहीं। जिले के धनोरा, घंसौर, लखनादौन, छपारा, केवलारी, बरघाट व कुरई विकासखंडों में भी गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसी कड़ी में “लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व” कार्यक्रम आज शाम 6:30 बजे लाड़ली बहना पथ कंपनी गार्डन के सामने आयोजित होगा, जिसमें छतरपुर व डिंडौरी के कलाकार पारंपरिक लोकगायन व लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे।







