रीवा। दशहरा के दिन बदमाशों की गैंग भी सक्रिय रही और दिन की शुरुआत से ही वो पुलिस को चैलेंज देते रहे। चाकू की नोक पर सब्जी व्यापारी को बदमाशों ने बोदाबाग-करहिया मार्ग पर लूट लिया। कार सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। सूचना के बाद विश्वविद्यायल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की लेकिन बदमाशों तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच सकी है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक सब्जी व्यापारी से कार सवार बदमाशों ने लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने पहले तो पीडि़त के वाहन में तोडफ़ोड़ की, फिर वाहन में सवार व्यापारी के साथ मारपीट करते हुए चाकू की नोक पर 2 लाख की नकदी लूट कर फरार हो गए। घटना गुरुवार की सुबह करीब 4 बजे के आसपास की बताई गई। पीडि़त सब्जी व्यापारी सौखी लाल गुप्ता निवासी ग्राम गढ़वा जवा ने घटना की शिकायत विश्विद्यालय पुलिस से की है। पीडि़त व्यापारी अपने एक अन्य साथी के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर करहिया मंडी सब्जी लेने आ रहा था जैसे ही वो बोदाबाग से करहिया मार्ग के बीच पहुंचे तभी आइटेन कार में सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उनके पिकअप वाहन के सामने अपनी कार लगाई और उन्हे रोकते हुए वाहन में तोडफ़ोड़ करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान पीडि़त पर चाकू से भी हमला करने का प्रयास किया जिस दौरान चाकू पीडि़त के हाथ में लगा है। पीडि़त व्यापारी के मुताबिक सब्जी खरीदने के लिए वो 2 लाख की नकदी लिए हुए थे जिसे बदमाश लूट ले गए। घटना की सूचना पर विश्वविद्यालय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज चेक की है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में लगी हुई है।