सतना में 146 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 2 प्रमुख सड़कों और 3 पुलों का हुआ भूमिपूजन : लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा – सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का प्रमुख मापदंड हैं

सतनाl लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सतना के समग्र विकास को गति देते हुए आज शनिवार को सतना में 146 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली दो प्रमुख सड़कों और तीन पुलों का भूमिपूजन किया।
मंत्री ने 59.48 करोड़ रुपए की लागत से सतना-मैहर बायपास के फोरलेन उन्नयन कार्य का शुभारंभ किया। यह बायपास मैहर-नागौद लिंक रोड तक 8.50 किलोमीटर लंबा होगा। इसके साथ ही मझगवां में 86.70 करोड़ रुपए की लागत से 8 किलोमीटर लंबे मझगवां-पटना-पहाड़ीखेरा मार्ग का भी भूमिपूजन किया गया।
इस मौके पर तीन उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण की भी शुरुआत की गई। खम्हरिया-टिकुरी-अकौना मार्ग पर 5.12 करोड़ रुपए की लागत से 120 मीटर लंबा पुल, बरदाडीह से मैनपुरा मार्ग पर 7.88 करोड़ रुपए की लागत से 100 मीटर लंबा पुल और खोहर से लौलाछ मार्ग पर 9.90 करोड़ रुपए की लागत से 125 मीटर लंबा पुल का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह भी उपस्थित रहे। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का प्रमुख मापदंड होती हैं। इन परियोजनाओं से सतना जिले का समग्र विकास होगा।