सिवनी यश भारत:-सिवनी जिला के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लापुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण अग्निकांड ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के कुल 12 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई परिवार अपने घरों से जरूरी सामान तक नहीं निकाल सके और उनकी पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। इस घटना से लगभग 12 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनका लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। गांव में इस घटना के बाद अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बढ़ सकता था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला, एसडीओपी, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही दिनेश राय मुनमुन भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग तेज हवा के कारण अन्य मकानों में फैल गई थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने कहा कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लोगों की गृहस्थी का भारी नुकसान हुआ है।
फिलहाल राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की बात कही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ