कटनीमध्य प्रदेश

शहर में धूमधाम से मनाया जा रहा मां नर्मदा प्रकटोत्सव, सुभाष चौक में विराजी पुण्य सलिला मां नर्मदा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

कटनी, यशभारत। पुण्य सलिला मां नर्मदा का प्रकटोत्सव आज रविवार को शहर कटनी में भी अपार उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर के अनेक स्थानों पर पर मां नर्मदा की प्रतिमाओं की स्थापना करते हुए पूजा अर्चना, महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। शहर के हृदयस्थल सुभाष चौक में प्रतिवर्षानुसार इसा वर्ष भी मां रेवा साउंड लाइट समिति कटनी द्वारा मां नर्मदा की भव्य एवं मनोहारी प्रतिमा की स्थापना की गई है। यहां आकर्षक साज-सज्जा भी की गई है। चकाचौंध विद्युत सजावट से पूरा क्षेत्र रोशन हो रहा है।
मां रेवा साउंड लाइट समिति कटनी द्वारा सुभाष चौक में मां नर्मदा जी की भव्य और मनोहारी प्रतिमा की स्थापना के साथ ही कल शनिवार की रात विशाल देवी जागरण का आयोजन किया गया, जिसमे देर रात श्रद्धालु और भक्त भक्ति के सागर में गोते लगाते रहे। इस अवसर पर यहां विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है। इसके अलावा मां नर्मदा जयंती के अवसर पर शहर सहित जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज सुबह मां नर्मदा का विशेष पूजन अर्चन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उमरियापान में निकाली जा रही शोभायात्रा
पुण्य सलिला मां नर्मदा के प्राकट्योत्सव पर आज 25 जनवरी को उमरियापान में शोभायात्रा निकाली जा रही है। जानकारी के मुताबिक बैंडबाजों के साथ नई बस्ती स्थित मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, इसका समापन स्लीमनाबाद रोड में हरदी के पास नहर तट स्थित मां नर्मदा मंदिर पर होगा। यहां मां नर्मदा का विशेष पूजन व आरती की जाएगी। प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रृद्धालुओं से कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील करते हुए मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन समिति ने बताया कि भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं की हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button