वेंकटेश मंदिर में मेडिकल कॉलेज के छात्रों का बवाल: प्रेमिका विवाद से शुरू हुआ मामला, मंदिर परिसर में मारपीट और तोड़फोड़

सतना। शहर के प्रतिष्ठित वेंकटेश मंदिर परिसर में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेडिकल कॉलेज का एक छात्र अपनी प्रेमिका के साथ अशोभनीय हरकत करता पाया गया। स्थानीय श्रद्धालुओं ने जब इसका विरोध किया, तो छात्र ने कॉलेज के सैकड़ों साथियों को फोन कर मंदिर बुला लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई छात्र शराब के नशे में धुत थे।
छात्रों की भीड़ मंदिर परिसर में पहुंचते ही बेकाबू हो गई और विरोध कर रहे लोगों से मारपीट शुरू कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि मंदिर की पवित्रता को भी ताक पर रखकर जमकर तोड़फोड़ की गई।
*प्रेम त्रिकोण ने भड़काया बवाल*
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ में प्रेम संबंधों का टकराव है। बताया जा रहा है कि कॉलेज छात्र के साथ मंदिर आई युवती पहले से किसी और युवक की प्रेमिका थी। पुराना प्रेमी जब मौके पर पहुंचा तो मेडिकल कॉलेज छात्र ने अपने दर्जनों साथियों को बुला लिया, जबकि पुराना प्रेमी अकेला था। मौके पर मौजूद छात्रों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें छात्रों का उग्र रूप स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
*पुलिस पहुंची मौके पर, थाने लाए गए कई युवक*
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लेकर थाने लाया, हालांकि सूत्रों का कहना है कि अब कुछ रसूखदार लोग छात्रों को बचाने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
*पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल*
वेंकटेश मंदिर जैसे धार्मिक स्थल में इस तरह की असामाजिक गतिविधि पहली बार देखने को मिली है। लोगों में आक्रोश है कि यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। एक तरफ श्रद्धालुओं की धार्मिक भावना को ठेस पहुंची, वहीं दूसरी तरफ एक निहत्थे युवक के साथ सैकड़ों की भीड़ द्वारा बर्बरता चिंताजनक है।







