यशभारत डिंडोरीl जिला मुख्यालय में नगर परिषद की मनमानी चरम पर है जहां एक ओर नर्मदा प्रकट उत्सव से पहले साफ सफाई के नाम पर दिखावे की खानापूर्ति कर रही है वहीं दूसरी ओर उनके स्वच्छता अभियान की पोल खुल रही है, जिसकी मनमानी पूर्वक चल रही कार्यप्रणाली से नाराज होकर परिक्रवासियों को सड़क पर धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद नगर परिषद के सफाई प्रभारी प्रवीण पटेल, सुरेंद्र शुक्ला अमले सहित मौके पर पहुंचे जहां नाली के पानी की निकासी नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर आने की बात सामने आई।
देश, प्रदेश के अलग अलग जगहों से डिंडोरी पहुंचे परिक्रमावासियों सहित स्थानीय लोगों ने बतलाया कि नर्मदागंज शांति नगर रोड में नाली का पानी सड़क से होकर डैम घाट में पहुंच रहा है। साथ ही यहां स्थित धर्मशाला में भी पानी घुस जाता है, जिससे गंदगी के कारण परिक्रमावासियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पिछले कई दिनों से बनी इस समस्या से नगर परिषद के जिम्मेदारों को अवगत भी कराया जा चुका है।
लोगो का कहना है कि वे पिछले चार दिन से इस समस्या से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट कर रहे है। बावजूद इसके अभी तक कोई समाधान नहीं किए जाने से परिक्रमावासियों सहित स्थानीय लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। परिक्रमावासी आक्रोशित होकर नर्मदा मंदिर के सामने सड़क में धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी लगने पर पहले नगर परिषद का अमला मौके पर पहुंचा एवं समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। इस बीच एसडीओपी डिंडोरी सतीश द्विवेदी के साथ तहसीलदार डिंडोरी भी मौके पर पहुंच गए और समझाइश देकर परिक्रमावासियों का धरना समाप्त कराया। अधिकारियों ने आसपास के इलाके का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने इस संबंध में ठोस पहल करने का आश्वासन दिया है। वहीं नगर परिषद के अमले ने नाली की सफाई की शुरुआत कर दी है जिसके बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम हो सकी। सवाल अभी भी यह है कि डिंडोरी मुख्यालय में नगर पंचायत के नुमाइंदों की लापरवाही इस हद तक बढ़ गई है कि लोगों को साफ सफाई के लिए भी धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है वहीं महत्वपूर्ण यह है कि अन्य क्षेत्रों से आए नर्मदा भक्तों को स्वच्छता के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है जबकि लापरवाही की पराकाष्ठा लांग चुके जिम्मेदार अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।
Back to top button