रिश्तेदारों से मिलने गए युवक की नृशंस हत्या, बाप-बेटे पर आरोप

जबलपुर यश भारत। मझौली थाना क्षेत्र के पड़ुआ गांव में रिश्तेदारों से मिलने गए युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खबरा निवासी अज्जू ठाकुर (28) मझौली थाना क्षेत्र के पड़ुआ गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बाप-बेटे ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या से आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम
घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मझौली थाने के सामने पहुंच गए और मझौली-सिहोरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हटाया जाम
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर हल्का बल प्रयोग कर लोगों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
दो आरोपी हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







