रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अभाविप का अनूठा प्रदर्शन; मंत्रोच्चार के बीच ‘सदबुद्धि यज्ञ’ से खोली प्रशासन की नींद

जबलपुर यश भारत । रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में आज छात्र हितों की अनदेखी और बढ़ती प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने एक विशेष “सदबुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्रों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया गया। इस पूरे आंदोलन का प्रमुखता से नेतृत्व कर रहे अभाविप के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर कड़े सवालिया निशान खड़े किए। माखन शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि लंबे समय से छात्र परीक्षा परिणामों में देरी, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से उजागर किया कि ‘पीएम ऊषा फंड’ का सही समय पर उपयोग न होने के कारण अब इसके लैप्स होने की नौबत आ गई है, जो सीधे तौर पर विद्यार्थियों के साथ अन्याय है।

यज्ञ स्थल पर मौजूद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए माखन शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा परिणामों को समयबद्ध करने, छात्रवृत्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो परिषद आने वाले दिनों में और भी उग्र व चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने भी व्यवस्था में सुधार की बात कही, जबकि माखन शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया। इस दौरान अनमोल सोनकर, ऐश्वर्या सोनकर, शोभित मिश्रा, अक्षत ताम्रकार सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने एक स्वर में प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।








